भगवान शिव का प्रिय महीना सावन 11 जुलाई 2025 से प्रारंभ हो रहा है। शिव भक्तों को साल भर सावन माह का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस माह में भोलेनाथ की विधिवत पूजा करने के साथ कांवड़ यात्रा भी की जाती है। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव से जुड़ी कुछ वस्तुओं को घर पर रखने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। आप भी देवों के देव महादेव को प्रसन्न करने के लिए सावन से पहले इन चीजों की खरीदारी कर सकते हैं।
भगवान शिव को रुद्राक्ष प्रिय है। ऐसे में सावन माह प्रारंभ होने से पहले आप घर पर रुद्राक्ष ला सकते हैं। मान्यता है कि रुद्राक्ष धारण करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भाग्य के साथ सेहत में सकारात्मक बदलाव होते हैं।
मान्यता है कि भगवान शिव को भस्म प्रिय है। भगवान शिव की कृपा पाने के लिए सावन से पहले घर पर भस्म ला सकते हैं। मान्यता है कि भस्म को धन स्थान पर रखने से आर्थिक उन्नति मिलती है और घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक करना अत्यंत कल्याणकारी माना गया है। शिव जी का जलाभिषेक करने के लिए आप सावन शुरू होने से पहले तांबे, पीतल या चांदी का जल पात्र खरीद सकते हैं। मान्यता है कि सावन में शिवलिंग का जलाभिषेक करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और तरक्की मिलती है।
हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, भगवान शिव अपने गणों से बहुत प्रेम करते हैं। सभी गणों में भगवान शंकर को नंदी अतिप्रिय हैं। ऐसे में आप सावन से पहले घर पर नंदी की प्रतिमा या मूर्ति ला सकते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है।
हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, भगवान शिव को त्रिशूल प्रिय है। ऐसे में आप सावन से पहले भगवान शिव की कृपा पाने के लिए घर पर त्रिशूल ला सकते हैं। मान्यता है कि त्रिशूल को घर पर रखने से शत्रुओं पर विजय हासिल होती है और कष्टों से मुक्ति मिलती है।