चाचा ने भतीजी से रेप कर किया गर्भवती, फरीदाबाद की कोर्ट ने दोषी को सुनाई 20 साल कैद की सजा
दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद की एक कोर्ट ने अपनी नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के जुर्म में चाचा को 20 साल कैद की सजा सुनाई है। यह घटना अक्टूबर 2019 की है, जब आठवीं क्लास में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा अपने घर पर अकेली थी।

दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद की एक कोर्ट ने अपनी नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म और उसे गर्भवती करने के जुर्म में चाचा को 20 साल कैद की सजा सुनाई है। यह घटना अक्टूबर 2019 की है, जब आठवीं क्लास में पढ़ने वाली पीड़ित छात्रा अपने घर पर अकेली थी। पुलिस ने बताया कि अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हेमराज मित्तल की अदालत ने दोषी चाचा पर 65000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
लीगल सेल के एडवोकेट रविंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना के समय पीड़ित लड़की की मां अपने मायके गई थी, उसका भाई स्कूल गया था और पिता काम पर गए हुए थे।
वकील के मुताबिक जब लड़की स्कूल से घर लौटी तो पास में रहने वाला उसका चाचा उसके घर में घुस आया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने लड़की को धमकी दी कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा।
गुप्ता ने बताया कि फरवरी 2020 में पीड़िता लड़की ने पेट में दर्द होने की शिकायत की। इस पर उसकी मां जब बेटी को जांच और इलाज के लिए अस्पताल ले गई तो वहां पता चला कि लड़की गर्भवती है। इसके बाद लड़की ने अपने परिवार को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
वकील ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले में कुल 24 लोगों की गवाही हुई और अदालत ने दोषी को 20 साल कैद और 65,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
किशोरी से दुष्कर्म के मामले में दो गिरफ्तार
वहीं, फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना की पुलिस ने 12 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरजकुंड थाना में 18 जनवरी किशोरी की मां ने इस संबंध में एक शिकायत दर्ज कराई थी।