योग दिवस:: मोदी के साथ आज विशाखापत्तनम में तीन लाख लोग करेंगे योग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसमें 3 लाख से अधिक लोग योग करेंगे। यह आयोजन विशाखापत्तनम के आरके बीच से भोगापुरम तक होगा।...

अमरावती, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश में शनिवार को विशाल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मोदी के साथ तीन लाख से अधिक लोग एक साथ योग करेंगे। यह आयोजन बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम के आरके बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर लंबे गलियारे में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सुबह 6:30 बजे से आठ बजे तक निर्धारित इस कार्यक्रम को इस तरह से आयोजित किया जाएगा कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित कई रिकॉर्ड स्थापित हों। आंध्र प्रदेश सरकार का 21 जून को न केवल विशाखापत्तनम में बल्कि पूरे राज्य में एक साथ कई गतिविधियों का आयोजन कर, कई लाख लोगों को योगाभ्यास में शामिल कर रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है।
दुनियाभर के कई देशों द्वारा मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विषयवस्तु ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग रखी गई है। - 25 हजार से अधिक छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे नायडू ने कहा, 25,000 से अधिक आदिवासी छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे। इसका उद्देश्य सबसे बड़े समूह और सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड बनाना है। सरकार का लक्ष्य राज्यभर में एक लाख केंद्रों में योग सत्र आयोजित करना और विशाखापत्तनम में योग गतिविधियों में भाग लेने के लिए पांच लाख लोगों को आकर्षित करना है। नायडू ने कहा कि विशाखापत्तनम में आरके बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर के क्षेत्र में एक साथ 3.19 लाख लोग योग कर सकते हैं। राज्य, देश और दुनियाभर के आठ लाख स्थानों से प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि योग दिवस की गतिविधियों में भागीदारी के लिए दो करोड़ के अनुमान से भी अधिक 2.39 करोड़ लोगों ने पंजीकरण कराया है। जागरूकता पैदा करने के लिए कार्यक्रम योग दिवस से पहले दक्षिणी राज्य ने योग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक महीने तक ‘योगांध्र अभियान चलाया। इसमें भारत से उत्पन्न इस प्राचीन विधा से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया कि योगांध्र के तहत गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक 15 हजार योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 5,451 प्रशिक्षकों ने इस प्रयास में योगदान दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।