Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsMumbai Stock Market Recovery Sensex Surges 1 046 Points Amid Global Oil Price Drop

तीन दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 1,000 अंक उछला

मुंबई शेयर बाजार में तीन दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी आई। बीएसई सेंसेक्स 1,046 अंकों की बढ़त के साथ 82,408.17 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 25,112.40 पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में तनाव कम...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीFri, 20 June 2025 08:52 PM
share Share
Follow Us on
तीन दिन की गिरावट थमी, सेंसेक्स 1,000 अंक उछला

मुंबई, एजेंसी। स्थानीय शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,046 अंकों का उछाल आया। वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 25,000 के पार पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच वित्तीय, दूरसंचार और प्रौद्योगिकी शेयरों में खरीदारी के चलते शुक्रवार को बाजार में तेजी आई। कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बीच विदेश से बड़े पैमाने पर सकारात्मक रुझान और विदेशी पूंजी की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों को समर्थन मिला। सेंसेक्स 1,046.30 अंक उछलकर 82,408.17 पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह 1,132.62 अंक बढ़कर 82,494.49 पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 319.15 अंक चढ़कर 25,112.40 पर बंद हुआ। जानकारों ने कहा, ईरान के साथ अमेरिका की बातचीत होने की उम्मीद के कारण पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और तत्काल सैन्य कार्रवाई का जोखिम कम होने से शेयर बाजार में तेजी आई। इस घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल की कीमतों में सुधार हुआ, जिससे घरेलू बाजारों को लाभ मिला और विदेशी निवेशकों की धारण मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि वित्त, वाहन और रियल्टी जैसे ब्याज दर को लेकर संवेदनशील और उपभोक्ता आधारित क्षेत्रों में खरीदारी देखी गई। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, नेस्ले, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, इटरनल (पूर्व में जोमैटो) और एचडीएफसी बैंक में उल्लेखनीय बढ़त हुई। दूसरी ओर एक्सिस बैंक और मारुति गिरावट के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़कर बंद हुए, जबकि जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.93 प्रतिशत गिरकर 77.33 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें