मुंबई हवाई अड्डे पर सोना और नशीला पदार्थ जब्त
--सीमा शुल्क विभाग ने की कार्रवाई --चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार मुंबई, एजेंसी।

मुंबई, एजेंसी। मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अलग-अलग मामलों में 16 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ और सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। सीमा शुल्क की एयर इंटेलीजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों को तस्करी गतिविधियों में हवाई अड्डे के दो कर्मचारियों की संलिप्तता के बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने दोनों को रोका और उनकी जेबों में मोजे के अंदर छुपाए गए मोम में 24 कैरेट सोना बरामद किया। उन्होंने कहा कि जब्त सोने की कीमत 4.24 करोड़ रुपये है।
दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अन्य मामले में, सीमा शुल्क टीम ने शनिवार को बैंकॉक से यात्रा कर लौटे दो भारतीय नागरिकों को रोका। उन्होंने हरे पदार्थ वाले वैक्यूम-सील पैकेट बरामद किए। जांच के दौरान इसमें नशीला पदार्थ होने की पुष्टि हुई। अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का वजन 11.881 किलोग्राम है। इसकी कीमत 11.88 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि दोनों को गिरफ्तार किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।