मणिपुर में लोकप्रिय सरकार बनाने के प्रयास जारी: बीरेन सिंह
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा कि राज्य में एक लोकप्रिय सरकार के गठन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति शासन के बीच, भाजपा और सहयोगी दल जल्द से जल्द नई सरकार बनाने की उम्मीद...

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में एक लोकप्रिय सरकार के गठन के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में फिलहाल राष्ट्रपति शासन प्रभावी है। भाजपा राज्य मुख्यालय में एक कार्यक्रम से इतर बीरेन सिंह ने उम्मीद जताई कि मणिपुर में बहुत जल्द नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने कहा, हम जल्द से जल्द सरकार बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम एक राष्ट्रीय पार्टी हैं। जमीनी हालात को देखने के बाद मुझे विश्वास है कि जल्द सरकार बनेगी। भाजपा और उसके सहयोगी दल भी एक लोकप्रिय सरकार चाहते हैं।
हम लोकप्रिय सरकार की बहाली के लिए काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, हमने (भाजपा ने) किसी की आलोचना नहीं की है। हम केवल मौजूदा संकट पर ध्यान दे रहे हैं। हम राज्य में सौहार्दपूर्ण समाधान और शांति लाने के लिए केंद्र सरकार और संबंधित व्यक्तियों से संपर्क कर रहे हैं। मालूम हो कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद 13 फरवरी को केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। मणिपुर राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 में पूरा होना था और इसे निलंबित कर दिया गया। मैतेई और कुकी जो समुदाय के बीच मई 2023 से हिंसा जारी है। इसमें 260 लोगों की हत्या कर दी गई है जबकि हिंसा के दौरान हजारों लोग बेघर हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।