केरल में पाठ्यक्रम में शामिल होगा राज्यपाल की शक्तियों का पाठ
तिरुवनंतपुरम के शिक्षा मंत्री वी सिवानकुट्टी ने शुक्रवार को घोषणा की कि स्कूली पाठ्य पुस्तकों में जल्द ही राज्यपाल की शक्तियों और दायित्वों से संबंधित पाठ शामिल किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने राजभवन से...

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी सिवानकुट्टी ने शुक्रवार को स्कूली पाठ्य पुस्तकों में जल्दी ही राज्यपाल की शक्तियों व दायित्वों से संबंधित पाठ को शामिल किए जाने की घोषणा की। सिवानकुट्टी ने यह घोषणा उनके द्वारा राजभवन से वॉकआउट करने के ठीक एक दिन बाद की है। शिक्षा मंत्री को राज्यपाल आवास पर लगे भारत माता के चित्र को लेकर एतराज था। उनका कहना था कि वहां वह तस्वीर लगाई गई है जो व्यापक रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यक्रमों में लगी होती है। इसी बात को लेकर विरोध करते हुए वह राजभवन में आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम से बाहर निकल गए थे।
शुक्रवार को जारी बयान में सिवानकुट्टी ने कहा कि बच्चों को लोकतंत्र की कार्य प्रणाली सिखाने में स्कूल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में संवैधानिक सिद्धांतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्यक्रम में सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान की नई पाठ्य पुस्तकों में राज्यपाल के दायित्वों का शक्तियों से संबंधित एक पाठ शामिल किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।