संघर्ष विराम होते ही नई दिल्ली स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़
भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बाद, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से चली। अमृतसर जाने वाली ट्रेन...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम होने के अगले ही दिन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ सफर करने के लिए पहुंची। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त दिखे। कड़ी जांच होने के चलते स्टेशन के बाहर यात्रियों की लंबी कतारें नजर आईं। वहीं, अमृतसर जाने वाली वंदेभारत के देरी से चलने और अमृतसर-नई दिल्ली रेलगाड़ी रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव की स्थिति को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अमृतसर, जम्मू, वैष्णो देवी, जलंधर आदि स्थानों पर जाने वाले रेलवे यात्रियों की संख्या में कमी देखने को मिल रही थी।
रेलवे की ओर से भी इन स्थानों से नई दिल्ली के लिए एकतरफा रेलगाड़ियां ही चलाई जा रही थीं। शनिवार को कुछ रेलगाड़ियों को निरस्त भी किया गया था, लेकिन संघर्ष विराम के चलते उन्हें बाद में बहाल कर दिया गया। इस वजह से रविवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। वंदे भारत एक्सप्रेस की गति हुई धीमी नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस (22477) ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से चल रही थी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इसका चलने का समय तीन बजे था। ऐसे में प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर यात्रियों की संख्या अधिक देखने को मिली। यात्रियों में भय का माहौल तो दिखा, लेकिन घर जाने की जिद भी थी। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन की देरी की सूचना उन्हें कुछ देर पहले ही मिली है। ट्रेन आएगी भी या नहीं कुछ पता नहीं है। यहां अधिकतर यात्री असमंजस की स्थिति में दिखे। अमृतसर की गाड़ी रद्द होने से बढ़ी परेशानी अमृतसर नई दिल्ली एक्सप्रेस (14680) का परिचालन रविवार को रद्द कर दिया गया। ऐसे में यात्री काफी परेशान दिखे। अमृतसर जाने वाले हुकुम सिंह ने कहा कि उनका गांव बॉर्डर के पास है। वहां ड्रोन से हमले की खबर मिली थी। तीन दिन बाद ट्रेन टिकट बुक हुई थी पर अब यह रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे मन घबरा रहा है। वहीं, जम्मू तवी (12752) प्लेटफॉर्म नंबर-4 से पांच बजे के करीब रवाना हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।