मैट्रिमोनियल साइट के जरिये ठगी करने वाला गिरफ्तार
रोहिणी जिला की साइबर यूनिट ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिये युवतियों को ठगने के आरोपी नागेश अर्जुन पवार को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसने एक महिला जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट से 20 लाख रुपये ठगे। आरोपी ने...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। रोहिणी जिला की साइबर यूनिट ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिये युवतियों से संपर्क कर उन्हें ठगने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को एक महिला जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट से 20 लाख की ठगी करने के आरोप में मुंबई से पकड़ा गया है। आरोपी नागेश अर्जुन पवार मुंबई का रहने वाला है। वह महाराष्ट्र में होमगार्ड है। आरोपी महिलाओं को झांसा देने के लिए खुद को एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स एंड मेंशन सहारा स्टार क्लब का 50 फीसदी का शेयर होल्डर बताता था। अब तक की जांच में यह पता चला कि आरोपी के खिलाफ ऐसी छह शिकायतें दर्ज हैं।
रोहिणी जिले के डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि दिल्ली के एक नामी अस्पताल में कार्यरत महिला जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट ने नेशनल क्राइम पोर्टल पर मई में 20 लाख रुपये ठगे जाने की शिकायत की थी। महिला के मुताबिक, उसने मैट्रिमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसे देखकर आरोपी ने विशाल भोसले के नाम से उससे संपर्क किया और शादी करने की इच्छा जताई। उसने बताया कि वह वर्ली मुंबई का रहने वाला है और एक नामी कंपनी में सुरक्षा प्रबंधक का काम करता है। इसके अलावा उसके पास एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स एंड मेंशन सहारा स्टार क्लब में पचास फीसदी हिस्सेदारी भी है। कुछ दिनों तक बातचीत के बाद आरोपी ने एक दिन दुर्घटना होने की बात कही और रुपये मांगे। इतना ही नहीं आरोपी ने क्लब की सदस्यता दिलाने के लिए भी पीड़िता से दस्तावेज मंगाए और उसका इस्तेमाल करके आठ लाख का लोन ले लिया। जब महिला को इस जालसाजी की जानकारी मिली, तो उसने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच करते हुए उसकी लोकेशन का पता लगाया। फिर उसे मुंबई के कांदिवली ईस्ट से धरदबोचा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।