बिहार: ज्यादा के बजाय जीत की संभावना वाली सीटों को तरजीह देगी कांग्रेस
बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सीटों की संख्या के बजाय जीत की संभावना वाली सीटों को प्राथमिकता दे सकती है। पार्टी इस बार 55 से 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। महागठबंधन के घटकदलों के...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सीटों की संख्या के बजाय जीत की अधिक संभावना वाली सीटों को तरजीह दे सकती है। पार्टी इस बार वर्ष 2020 के मुकाबले कुछ कम सीट पर किस्मत आजमाने की तैयारी में है। वहीं, पार्टी कुछ सीट बदलने की भी तैयारी कर रही है। विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के घटकदलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर दो दौर की बैठक हो चुकी है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगली दो-तीन बैठकों में घटकदलों के बीच सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। वर्ष 2020 में कांग्रेस ने 70 सीट पर चुनाव लड़ा था, पर उसका स्ट्राइक रेट बहुत अच्छा नहीं रहा।
तमाम कोशिशों के बावजूद वह सिर्फ 19 सीट जीत पाई थी इसलिए पार्टी इस बार सीट की संख्या के बजाय मजबूत सीटों पर अपनी दावेदारी कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस बार पार्टी के हिस्से में 55 से 60 सीट तक आ सकती है। पार्टी कम सीट पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो सकती है, बशर्ते उसे कुछ पसंदीदा सीट दी जाए। ताकि, वह कम सीट पर चुनाव लड़कर बेहतर प्रदर्शन कर सके। इसके लिए पार्टी ने संभावित सीट की एक सूची भी बनाई है। करीब 85 सीट वाली इस सूची में लगभग चार दर्जन सीट ऐसी है, जिन पर कांग्रेस को बेहतर प्रदर्शन का भरोसा है। वहीं, 20 सीट वह है जहां पार्टी पिछली बार चुनाव नहीं लड़ी, पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। पार्टी रणनीतिकार मानते हैं कि घटकदलों के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा के दौरान कांग्रेस इन सीटों पर अपनी दावेदारी करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि चर्चा के दौरान पार्टी की मजबूत सीट उसके हिस्से में आती है, तो वह कम सीट पर भी लड़ने पर तैयार है। प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि महागठबंधन में इस बार कुछ नए दल भी शामिल हो सकते हैं। कुछ और पार्टियों के साथ गठबंधन होता है तो भी सभी पार्टियों को अपने-अपने हिस्से से सीट छोड़नी पड़ेगी। इससे भी पार्टी की कुछ सीट घट सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।