कांग्रेस ने उठाया रूस में लापता हुए 14 लोगों का मुद्दा
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से विदेश में बेहतर रोजगार के लिए जाने वाले लोगों के साथ एजेंटों की धोखाधड़ी रोकने की मांग की है। आरोप है कि कुछ एजेंट भारतीयों को धोखे से रूस भेज रहे हैं, जहां उन्हें जबरदस्ती...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से बेहतर रोजगार की तलाश में विदेश जाने वाले लोगों के साथ एजेंटों की धोखाधड़ी रोकने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि कुछ एजेंट रूस सरकार से मिले हुए हैं और लोगों को धोखे से रूस भेज रहे हैं। रूस इन लोगों को जबरदस्ती अपनी सेना में भर्ती कर रहा है। ऐसे कई लोग लापता हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वरिंग ने पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में मीडिया से बात करते हुए कहा कि वर्ष दिसंबर 2023 को 126 लोग अपने घर का चूल्हा जलाने के लिए एजेंट के माध्यम से विदेश गए थे।
वे लोग सिंगापुर, मलेशिया और इटली जाना चाहते थे, लेकिन उनको मॉस्को भेज दिया गया। राजा वरिंग ने कहा कि मॉस्को की सरकार ने इन लोगों को अपनी सेना में भर्ती कर लिया। सेना में भर्ती के बाद उन्हें 15 दिन की ट्रेनिंग देकर मशीन गन पकड़ा दी गई। उन्होंने कहा कि इन 126 लोगों में 14 लोग अभी भी लापता हैं, इनमें से करीब 100 लोग वापस आ गए हैं, क्योंकि कुछ लोगों को गोली लग गई और कई लोग जख्मी हो गए। उन्होंने कहा कि जो 14 लोग लापता हैं, उनमें यूपी के नौ, पंजाब के तीन, महाराष्ट्र का एक और एक व्यक्ति जम्मू-कश्मीर का है। इन लोगों के परिवार के लोग हर मंत्रालय का चक्कर काट रहे हैं पर सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। सरकार से सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि रूस से पूछना चाहिए कि बिना इजाजत सेना में भर्ती क्यों किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि वह हमारे लोगों को वापस लाने के लिए क्या प्रयास कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।