Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsBJP s Sambit Patra Meets Kuki MLA in Manipur Amid Ethnic Conflict

मणिपुर की नब्ज टटोलकर दिल्ली लौट संबित पात्रा

-उत्तर पूर्व प्रभारी ने भाजपा विधायकों और विभिन्न समुदायों से वार्ता की -आदिवासी, कुकी समुदाय

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 6 May 2025 09:13 PM
share Share
Follow Us on
मणिपुर की नब्ज टटोलकर दिल्ली लौट संबित पात्रा

इंफाल, एजेंसी। भाजपा के उत्तर पूर्व प्रभारी संबित पात्रा ने मंगलवार को कंगपोकपी जिले में कुकी भाजपा विधायक नेमचा किपगेन से मुलाकात की। मणिपुर की नब्ज टटोलने के बाद वह दिल्ली लौट गए। पार्टी सूत्रों ने बताया कि संबित पात्रा ने कंगपोकपी जिले में आदिवासी एकता समिति (सीओटीयू) और अन्य कुकी नागरिक समाज समूहों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। बैठक में उन्हें कुकी-जो समुदाय की जरूरतों को रेखांकित करने वाला एक ज्ञापन सौंपा गया। बैठक के बाद पात्रा इंफाल लौट आए और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। हालांकि पात्रा ने कोई बयान नहीं दिया। लेकिन, भाजपा सूत्रों ने कहा कि वह केंद्रीय नेतृत्व के लिए एक व्यापक रिपोर्ट तैयार करने के लिए सभी पक्षों से फीडबैक एकत्र कर रहे हैं।

सोमवार को पात्रा ने इंफाल पूर्वी जिले में मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के साथ बंद कमरे में बैठक की। बीरेन सिंह के साथ बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान कुछ भाजपा विधायक भी मौजूद थे। भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी ने इंफाल के एक होटल में पार्टी के कुछ विधायकों से भी बातचीत की और मणिपुर विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह से बामोन लेईकाई स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। सोमवार को भी पात्रा ने कुकी जो समुदाय के दो विधायकों- वुंगजागिन वाल्टे और चुराचांदपुर जिले के एलएम खौटे से मुलाकात की। वुंगज़ागिन वाल्टे 4 मई, 2023 को भीड़ के हमले में बाल-बाल बचे थे। उन्होंने जोमी स्टूडेंट फेडरेशन (जेडएसएफ) के नेताओं से भी मुलाकात की, जिन्होंने भाजपा नेता को एक ज्ञापन सौंपा। संबित पात्रा की यात्रा मणिपुर के 21 विधायकों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखने के लगभग एक सप्ताह बाद हुई है, जिसमें उन्होंने राज्य में ‘लोकप्रिय सरकार बनाने का आग्रह किया था। राज्य शांति और सामान्य स्थिति सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति शासन के अधीन है। ये पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय को 29 अप्रैल को अलग-अलग प्राप्त हुए थे। एन बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। राज्य विधानसभा, जिसका कार्यकाल 2027 तक है, को निलंबित कर दिया गया है। पूर्वोत्तर राज्य में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्ष हो रहा है, जिसमें 260 से अधिक लोग मारे गए हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें