Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsAndhra Pradesh Sets 23 Global Records on International Yoga Day

विशाखापत्तनम में योग दिवस पर 23 विश्व रिकॉर्ड बने

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 23 वैश्विक रिकॉर्ड बनाए हैं। इनमें 2 गिनीज रिकॉर्ड और 21 वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड शामिल हैं। 3.03 लाख...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 21 June 2025 08:08 PM
share Share
Follow Us on
विशाखापत्तनम में योग दिवस पर 23 विश्व रिकॉर्ड बने

विशाखापत्तनम, एजेंसी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि राज्य ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 23 वैश्विक रिकॉर्ड बनाए हैं। इनमें दो गिनीज रिकॉर्ड और 21 वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योगाभ्यास करने के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि इस प्राचीन कला का प्रदर्शन करने के लिए यहां 3.03 लाख लोग एकत्र हुए। इससे एक ही स्थान पर सर्वाधिक लोगों द्वारा योगाभ्यास करने का विश्व रिकॉर्ड बना। 108 मिनट में 108 बार सूर्य नमस्कार नायडू ने योग दिवस की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, कुल 23 वैश्विक रिकॉर्ड बनाए गए, जिनमें 21 वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड और दो गिनीज रिकॉर्ड शामिल हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि करीब 22,122 आदिवासी छात्रों ने एक ही स्थान पर 108 मिनट में 108 बार सूर्य नमस्कार कर एक और विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज विशाखापत्तनम में दो विशाल महासागर दिखे, एक तरफ बंगाल की खाड़ी और दूसरी तरफ योग साधकों का असीम सागर। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लाखों नागरिकों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने और हमारे योगांध्र अभियान की सफलता का जश्न मनाने के लिए शामिल हुआ। उन्होंने इस कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर देने और उनकी प्रेरक उपस्थिति के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। 2.45 करोड़ किया गया पंजीकरण मुख्यमंत्री ने कहा, 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भव्य आयोजन रहा। हमने इतिहास रचा है। नायडू ने बताया कि राज्य सरकार को आज के योग दिवस के लिए करीब दो करोड़ पंजीकरण की उम्मीद थी, लेकिन यह संख्या बढ़कर 2.45 करोड़ तक पहुंच गई। ---- हैदराबाद में 3,000 से अधिक दिव्यांगजनों ने किया योगाभ्यास हैदराबाद, एजेंसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में 3,000 से अधिक दिव्यांगजनों ने योग किया। कार्यक्रम में दृष्टि बाधित और श्रवण बाधित जैसी 21 श्रेणियों के दिव्यांगजनों ने योगाभ्यास किया। यह कार्यक्रम केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के राष्ट्रीय बौद्धिक दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान द्वारा आयोजित किया गया था। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार इस कार्यक्रम में शामिल हुए। --- मंगलुरु में स्वीमिंग पूल में जल योग मंगलुरु, एजेंसी। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को मंगलुरु में तैराकों के 40 सदस्यों के एक समूह ने स्वीमिंग पुल में तैरते हुए जल योग किया। इन तैराकों ने स्वीमिंग पुल में तैरते हुए पद्मासन और शवासन जैसे योगासन किए। इनमें से एक तैराक मैंगलोर मत्स्य विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त डीन एस. एम. शिवप्रकाश ने तैरते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पोस्टकार्ड लिखा। मंगलुरु नगर निगम के स्वीमिंग पूल में आयोजित इस कार्यक्रम में एक शौकिया तैराक समूह के लगभग 40 सदस्यों ने 16 फुट गहरे पानी में तैरते हुए पद्मासन और शवासन जैसे योगासन किए। शिवप्रकाश ने तैरते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पोस्टकार्ड में लिखा, प्रिय मोदीजी, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं। मैं यह पोस्टकार्ड स्वीमिंग पूल में तैरते हुए लिख रहा हूं। फिट इंडिया-शिवप्रकाश, मंगलुरु।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें