दिल्ली में मॉर्निंग वॉक पर निकले मंजीत महाल के भांजे को भून डाला, 4 साल की बेटी को भी लगी गोली
दिल्ली के बवाना में शुक्रवार सुबह एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दीपक नाम का युवक मॉर्निंग वॉक पर निकला था। सुबह 7 से 8 के बीच उसे गोली मार दी गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार सुबह टहलने निकलने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक दीपक कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महाल का सगा भांजा था इसलिए हमले के पीछे नंदू गैंग के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। इस हमले में मृतक की चार साल की बेटी हाथ में गोली लगने से घायल हो गई। बवाना पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार दीपक परिवार सहित नांगल ठाकरान गांव में रहता था। बीटेक की पढ़ाई करने के बाद वह शेयर ट्रेडिंग का काम कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दीपक अपने माता पिता और चार साल की बेटी के साथ सुबह टहलने के लिए जाता था। वे चारों नांगल-बवाना रोड पर टहलते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान दीपक अपनी बेटी के साथ आगे-आगे चल रहा था जबकि माता-पिता थोड़े पीछे थे।
इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दीपक पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक गोली बच्ची के हाथ को पार कर बाहर निकल गई। करीब आधा दर्जन गोली लगने से दीपक गिर गया और हमला फरार हो गए। दीपक के पिता देवेंद्र ने पुलिस को सूचना दी और घायल बेटा-पोती को अस्पताल पहुंचा जहां दीपक की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंजीत महाल की दो सगी बहनों की शादी देवेंद्र और इनके छोटे भाई से हुई थी। देवेंद्र पेशे से सरकारी शिक्षक हैं। पुलिस ने बताया कि दीपक का अपराध की दुनिया से कोई रिश्ता नहीं था। इसलिए पुलिस इस हमले के पीछे लंदन में बैठे नंदू गिरोह के हाथ होने की आशंका जता रही है। इससे पहले नंदू ने मंजीत महाल के करीबी प्रापर्टी डीलर राजकुमार दराल की 12 अप्रैल को पश्चिम विहार ईस्ट में हत्या करा दी थी।