मानसून में वन विभाग 65 हजार पौधों का मुफ्त वितरण करेगा
सोहना,संवाददाता। मानसून की पहली फुहारों के साथ ही सोहना में हरियाली बढ़ाने की कवायद तेज़ हो गई है। वन विभाग ने इस बरसाती मौसम में बड़े पैमाने पर पौधा

सोहना। मानसून की पहली फुहारों के साथ ही सोहना में हरियाली बढ़ाने की कवायद तेज़ हो गई है। वन विभाग ने इस बरसाती मौसम में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान शुरू कर दिया है। इस साल विभाग का लक्ष्य हज़ारों नए पौधे लगाना और 65 हजार पौधों का मुफ्त वितरण करना है। बरसात का मौसम शुरू होते ही वन विभाग ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। इसी क्रम में, विभाग ने ग्राम पंचायत रिठौज और ज़िला जेल के बीच अपनी ज़मीन पर पौधारोपण की शुरुआत कर दी है। इस विशेष स्थान पर करीब चार हज़ार पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, वन विभाग अरावली पहाड़ी क्षेत्र से लेकर मैदानी इलाकों तक अपनी ज़मीन पर हज़ारों और पौधे लगाने का काम करेगा।
इन पौधों में फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियाँ शामिल होंगी, जो न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाएंगी बल्कि जैव विविधता को भी बढ़ावा देंगी। 65 हज़ार पौधों का होगा मुफ्त वितरण वन विभाग की इस पहल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 65 हज़ार पौधों का मुफ्त वितरण है। विभाग ने 3 से लेकर 7 फुट तक की ऊँचाई वाले पौधे तैयार किए हैं, जिन्हें विभिन्न सरकारी विभागों, ग्राम पंचायतों, किसानों और आम नागरिकों को दिया जाएगा। विशेष रूप से किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे अपने खेतों पर अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधे जैसे पीपल और बरगद लगाएं। सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर भी ऐसे पौधे लगाने के लिए वितरण किया जा रहा है। विभाग ने त्रिवेणी के पौधे भी विशेष रूप से तैयार किए हैं, जो पर्यावरण और अध्यात्म दोनों के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। सोहना वन विभाग के रेंज अधिकारी संजय यादव ने बताया कि इस वर्ष होने वाले पौध वितरण की तैयारी एक महीने पहले ही पूरी कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि वन विभाग हर साल मुफ्त पौधे देने के अलावा, अन्य ज़रूरतों को भी पूरा करता है और अपने स्तर पर भी पौधारोपण करके हरियाली को बढ़ावा देने का काम करता है। यह अभियान सोहना को और अधिक हरा-भरा बनाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।