सीनियर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए सरकार को लिखा पत्र
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम में उप महापौर और वरिष्ठ उप महापौर के चुनावों में देरी से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मेयर ने हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जल्द चुनाव कराने की मांग की है।...

गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। मानेसर नगर निगम में उप महापौर और वरिष्ठ उप महापौर के पदों पर चुनाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निगम के महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मेयर डॅा. इंद्रजीत यादव ने इस संबंध में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव को एक पत्र लिखा है। जिसमें इन दोनों पदों के लिए जल्द से जल्द चुनाव करवाने की मांग की गई है। नियमों के अनुसार, महापौर और पार्षदों के चुनाव परिणाम घोषित होने के 60 दिनों के भीतर इन पदों पर चुनाव हो जाने चाहिए थे, लेकिन अब 90 दिन से अधिक का समय बीत चुका है और आज तक सदन पूरी तरह से गठित नहीं हो पाया है।
इस कारण नगर निगम गुरुग्राम और मानेसर में करोड़ों की बड़ी योजनाएं सिरे नहीं चढ़ पा रही है। मेयर ने जल्द चुनाव की उठाई है मांग मेयर ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में लिखा है कि नगर निगम मानेसर के महापौर और पार्षदों के लिए चुनाव दो मार्च 2025 को हुए थे और परिणाम 12 मार्च 2025 को घोषित किए गए थे। सदन की पहली बैठक 25 मार्च को पंचकूला में आयोजित की गई थी। हरियाणा नगर निगम चुनाव नियम 1994 के नियम 71(2) के अनुसार, आयुक्त को महापौर और सदस्यों के नामों की अधिसूचना के 60 दिनों की अवधि के भीतर उप महापौर और वरिष्ठ उप महापौर के चुनाव के लिए बैठक बुलानी होती है। हालांकि तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इन महत्वपूर्ण पदों के चुनाव के लिए कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। इन पदों पर पदाधिकारियों की कमी के कारण मानेसर और गुरुग्राम में करोड़ों की कई विकास योजनाएं लंबित पड़ी हैं, क्योंकि वित्त और अनुबंध समिति का गठन नहीं हो पा रहा है। हरियाणा नगर निगम व्यवसाय उपनियम 2009 की धारा 37(ए) के अनुसार, उप महापौर और वरिष्ठ उप महापौर इस समिति के सदस्य होते हैं, जो निगम द्वारा किए जाने वाले अनुबंधों और खरीद के संबंध में सभी वित्तीय शक्तियों का प्रयोग करते हैं। इनकी अनुपस्थिति में बड़े कार्यों को अनुमति नहीं मिल पा रही है। सदन की बैठक में भी उठाया था मुद्दा बीते सप्ताह आयोजित सदन की बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा की गई और यह मांग की गई थी कि उप महापौर और वरिष्ठ उप महापौर के चुनाव के लिए बैठक बुलाने के लिए आयुक्त, गुरुग्राम मंडल, गुरुग्राम को पत्र लिखा जाए। मेयर ने संकल्प की प्रति संलग्न करते हुए मुख्य सचिव से अनुरोध किया है कि उक्त नियम के अनुसार बैठक जल्द से जल्द बुलाई जाए, ताकि निगम का कामकाज सुचारु रूप से चल सके। मेयर ने इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि मानेसर निगम के विकास कार्यों को गति मिल सके और शहर की जनता को लाभ मिल सके। यह देरी निगम के कामकाज में बाधा डाल रही है और इससे नागरिकों के लिए आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।