ग्रेटर गाजियाबाद के लिए होगा सर्वे, अगले महीने इन इलाकों से हो सकती है शुरुआत
गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार करेंगे। इसके लिए अगले महीने से लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिका में सर्वे शुरू हो सकता है। सर्वे के बाद प्रस्ताव मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।

गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद बनाने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार करेंगे। इसके लिए अगले महीने से लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिका में सर्वे शुरू हो सकता है। सर्वे के बाद प्रस्ताव मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन पहले ही लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिका को नगर निगम में शामिल कर ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा के बाद अधिकारी ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की प्रक्रिया शुरू करने में लग गए हैं। इसके लिए तीनों नगर पालिका के नक्शों का विश्लेषण शुरू कर दिया है।
गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि प्रशासन और निगम अधिकारी सबसे पहले प्रस्ताव तैयार करेंगे। लोनी, खोड़ा और मुरादनगर नगर पालिका के कौन से गांव को निगम सीमा में शामिल किया जाएगा प्रस्ताव में इसका उल्लेख होगा। इसके लिए संयुक्त सर्वे कराया जाएगा।
योजनाओं को आगे बढ़ाने की कवायद
जीडीए उपाध्यक्ष ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों को लेकर बैठक की। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराए जाने वाली जमीनों पर दुर्बल आय वर्ग के लिए भवन और उत्सव भवन का निर्माण करने के लिए इस जमीन को चिह्नित कर सूची तैयार की जाए।
सुव्यवस्था का मॉडल बना गाजियाबाद : योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा था कि जिस गाजियाबाद के नाम पर कभी अपराध और गैंगवार की फिल्में बनती थीं। आज वह गाजियाबाद विकास, स्वच्छता व सुव्यवस्था का मॉडल बनकर उभर रहा है। वार्ता के अनुसार, उन्होंने कहा कि दुनिया की 50 और प्रदेश की पहली स्वच्छ सिटी के रूप में गाजियाबाद का नाम आ रहा है। दस वर्ष पहले कोई सोचता नहीं था कि जिला 12 लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के साथ जुड़ेगा और देश की पहली रैपिड रेल गाजियाबाद से होकर जाएगी, लेकिन आज यह सब कुछ हो गया। आज गाजियाबाद के पास रैपिड रेल, 12लेन हाईवे, मेट्रो, एयरपोर्ट भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद अब ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में नई यात्रा को प्रारंभ कर रहा है। यहां सभी संस्थाओं ने अच्छे कार्य किए हैं। ग्रेटर गाजियाबाद की दृष्टि से कुछ नए इनेसेटिव आगे बढ़ाने के साथ ही खोड़ा, लोनी, मुरादनगर को गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाने और इसके वृहद विकास की कार्य योजना बनाने को कहा है।