दिल्ली-NCR में 4 दिन आंधी-बारिश के लिए रहें तैयार, कई इलाकों में वर्षा से लुढ़का पारा
दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिन तेज गर्मी के आसार नहीं हैं। इस दौरान मौसम विभाग ने हल्की बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में गुरुवार दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे।

दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिन तेज गर्मी के आसार नहीं हैं। इस दौरान मौसम विभाग ने हल्की बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में गुरुवार दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सुबह और शाम हवा में ठंडक बनी रही। हालांकि, दोपहर में उमस ने थोड़ा परेशान किया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार से सोमवार तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की बारिश, बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है।
बारिश से गिरा पारा
राजधानी में गुरुवार को कुछ स्थानों पर मामूली बारिश हुई। मुंगेशपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में मॉनसून तय समय से 8 दिन पहले 22 जून तक दस्तक देने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले चार दिन बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना है। इससे अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.3 डिग्री कम है। आर्द्रता का अधिकतम स्तर 87 फीसदी तथा न्यूनतम 54 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आने वाले समय में दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है।
शुक्रवार को राजधानी में मौसम विभाग ने सामान्य रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। इस बीच 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने और बाद में 50 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
संतोषजनक श्रेणी में हवा
राजधानी में सुबह और शाम वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता 99 दर्ज की गई और शाम को 4 बजे यह 89 अंक पर दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक माना जाता है।