दिल्ली में फिर बदला मौसम, कई इलाकों में झमाझम बारिश, आगे क्या अपडेट
दिल्ली का मौसम फिर बदल गया है। कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

दिल्ली का मौसम फिर बदल गया है। कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने पहले ही आज बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया था। दिल्ली के चाणक्यपुरी समेत कई इलाकों में इस वक्त बारिश हो रही है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दिल्ली में शनिवार रात को आंधी तूफान आने की आशंका है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। आईएमडी ने आज से लेकर 23 जून तक शाम और रात को आंधी तूफान और बारिश के आसार जताए हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 34-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
इसके बाद 24 से 27 जून के लिए भी मौसम विभाग ने आंधी तूफान और बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान सुबह से ही आंधी तूफान का दौर शुरू हो सकता है और अधिकम तापमान 34-35 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
मॉनसून को लेकर क्या अपडेट
दिल्ली में मॉनसून को लेकर भी अपडेट सामने आया है। आईएमडी ने बताया है कि दिल्ली में अगले दो दिनों में यानी 23 जून मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे सकता है जिसके बाद झमाझम बारिश हो सकती है।