राजौरी गार्डन में रात को हुई ठांय-ठांय, दिल्ली पुलिस संग एनकाउंटर में खूंखार ‘मोटा’ बदमाश दबोचा
राजधानी दिल्ली का राजौरी गार्डन इलाका गुरुवार रात 10 बजे गोलियों की ठांय-ठांय की आवाज से गूंज उठा। दिल्ली पुलिस ने यहां एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगने के बाद एक खूंखार बदमाश विनय उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया है।

राजधानी दिल्ली का राजौरी गार्डन इलाका गुरुवार रात 10 बजे गोलियों की ठांय-ठांय की आवाज से गूंज उठा। दिल्ली पुलिस ने यहां एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगने के बाद एक खूंखार बदमाश विनय उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को 50 से अधिक आपराधिक वारदातों में उसकी संलिप्तता का पता चला है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम जिले में थानों और ऑपरेशन यूनिट की टीमें डकैती, स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस की टीमों को कल रात करीब 9 बजे एक संदिग्ध बदमाश विनय उर्फ मोटा के थाना राजौरी गार्डन के इलाके में होने का पता चला।
इसके बाद पुलिस की कई टीमें उसे पकड़ने के लिए लगाई गईं। पुलिस ने बाइक सवार बदमाश को संजय गांधी पशु अस्पताल के पीछे गंदा नाला रोड पर देखा। पुलिस टीमों ने दोनों तरफ से रास्ते को बंद कर उसे रुकने के लिए कहा। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
उसके द्वारा चलाई एक गोली पुलिस कर्मचारियों के बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। इसके बाद पुलिस टीम की ओर से भी आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। इसमें एक गोली संदिग्ध व्यक्ति के दाहिने पैर में लगने से वह घायल होकर वहीं गिर गया। पुलिस द्वारा उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान 36 वर्षीय विनय उर्फ मोटा पुत्र रामकरण के रूप में हुई है। वह मकान नंबर 29, सुल्तान गार्डन, नांगलोई रोड, नजफगढ़ का रहने वाला है। वह पहले 56 मामलों में शामिल रहा है। जेल रिकॉर्ड के अनुसार, वह 2021 में स्पेशल सेल के साथ गोलीबारी में भी शामिल पाया गया था।