Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi ncr weather forecast today imd heavy rain alert monsoon entry

जलभराव, जाम.. एक ही बारिश ने दिल्ली को धो डाला, आज भी येलो अलर्ट जारी; पढ़ें वेदर अपडेट

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। भारी बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने आज भी येलो अलर्ट जारी किया है।

Anubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 18 June 2025 05:20 AM
share Share
Follow Us on
जलभराव, जाम.. एक ही बारिश ने दिल्ली को धो डाला, आज भी येलो अलर्ट जारी; पढ़ें वेदर अपडेट

प्री मॉनसून की बारिश ने मंगलवार को राजधानी को भिगो दिया। तेज हवाओं एवं बारिश से पारा पांच डिग्री तक गिर गया। इससे दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि लगभग एक सप्ताह तक राजधानी में यही स्थिति रहने वाली है। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में कमी हो सकती है।

कल बारिश ने किया मौसम सुहावना

दिल्ली वाले मंगलवार सुबह उमस भरी गर्मी से परेशान रहे, मगर दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और राजधानी के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण कई जगह जाम के हालात भी रहे। सबसे अधिक बारिश पूसा में 40.5 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं, पालम में 37.2, आया नगर में 22.8, रिज पर 14.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज के लिए येलो अलर्ट

बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार को सामान्य रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

जगह-जगह जलभराव

राजधानी में मंगलवार को हुई बारिश के बाद दिल्लीवाले जगह-जगह जलभराव से जूझे। इसकी एक प्रमुख वजह राजधानी में नालों की सफाई न होना भी रहा। सरकार की ओर से नालों की सफाई को लेकर दो बार समय सीमा तय की गई थी। दोनों ही तिथियां गुजर चुकी हैं पर हालात नहीं बदले। प्री मॉनसून बारिश के दौरान ही विभिन्न स्थानों पर जलभराव की दिक्कत हुई। वहीं, नालों से पानी का बहाव न होने से गंदा पानी भी सड़कों पर आ गया। पानी भरने के कारण वाहन चालकों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ा। जखीरा अंडरपास सहित कई अंडरपास में भी पानी भरने की दिक्कत हुई।

कई जगहों पर पेड़ गिरे

प्रेमबाड़ी पुल के पास वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र से केशवपुरम पर मुड़ने वाली सड़क पर पानी भर गया। विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। इसका असर ट्रैफिक पर भी पड़ा। निगम के नियंत्रण कक्ष में लोगों ने जलभराव, पेड़ गिरने समेत अन्य समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कीं। निगम की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार 12 स्थानों पर जलभराव हुआ और दो स्थानों पर पेड़ गिरे। पश्चिमी जोन में दो स्थानों पर जलभराव की शिकायत दर्ज हुई। इसमें ए-1 ब्लॉक जनकपुरी में और नवादा में लोगों ने जलभराव की शिकायत दर्ज की। नरेला जोन के रोहिणी सेक्टर-25 के प्रह्लाद विहार के बी ब्लॉक में, सिटी सदर पहाड़गंज जोन में शास्त्री नगर के ए ब्लॉक में, करोल बाग जोन में कीर्ति नगर के सी ब्लॉक में और करमपुरा के एफ ब्लॉक में, सिविल लाइंस जोन के भलस्वा डेयरी के राजीव नगर की एक गली में और मुखर्जी नगर में निरंकारी कॉलोनी में सड़क पर पानी भर गया। केशवपुरम जोन में पश्चिम विहार में और दक्षिण जोन में वसंत कुंज में सड़क पर पानी भरा। करोल बाग जोन में नारायणा गांव में और दक्षिण जोन में वसंत कुंज में पेड़ गिरने की शिकायत दर्ज हुई।

रेंगते नजर आए वाहन

राजधानी में मंगलवार को हुई बारिश और जलभराव के चलते कई इलाकों में वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा। खासतौर से शाम के समय सड़क पर वाहनों की ज्यादा भीड़ होने के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए।

ट्रैफिक पुलिस को यातायात चलवाने के लिए कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे के बाद राजधानी के अधिकांश इलाकों में जोरदार बारिश हुई। इसके बाद शाम को एक बार फिर तेज बारिश हुई। इस बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया। रोहतक रोड पर राजधानी पार्क से मुंडका तक सड़क के दोनों तरफ पानी भर गया। यहां से वाहन चालकों को निकलने में खासी परेशानी हुई।

अगला लेखऐप पर पढ़ें