दिल्ली के होटल में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, रूम में लाश छोड़ फरार, क्या थी वजह?
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को पहाड़गंज इलाके के एक होटल में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी भी सुसाइड करने की योजना बना रहा था। क्या थी वारदात की वजह इस रिपोर्टमें जानें…

मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके के एक होटल में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने संगतराशन स्थित होटल के एक कमरे में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया था। पहाड़गंज पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के भीतर शनिवार को आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार मथुरा निवासी गोपाल ने डेढ़ साल पहले कीर्ति शर्मा से प्रेम विवाह किया था। गोपाल मथुरा में एक फर्म में नौकरी करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन दोनों के परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत हो गये थे इसलिए धूमधाम से शादी हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद गोपाल अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा। इसकी वजह से दोनों में आपस में अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों शुक्रवार शाम करीब छह बजे संग तराशन पुलिस चौकी के पास होटल में ठहरे। करीब नौ बजे होटल के कमरे में भी दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और गोपाल ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद गोपाल ने शव को बिस्तर पर छोड़ा और चहलकदमी करते हुए होटल से बाहर चला गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात 12 बजे होटल के स्टाफ को शक हुआ तो उन्होंने कमरे में देखा तो वहां महिला अचेत पड़ी हुई थी। फिर होटल प्रबंधन ने पहाड़गंज थाने में जानकारी दी। पुलिस ने महिला को लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। डाक्टर के अनुसार गला घोंटकर हत्या की गई है। चूंकि मौके से पति फरार था इसलिए पुलिस ने गोपाल की तलाश शुरू की।
होटल के रजिस्टर में दर्ज जानकारी के आधार पर संग तराशन चौकी प्रभारी एसआई विजेंद्र यादव के नेतृत्व में हेडकांस्टेबल दिलीप एवं हेडकांस्टेबल नरेंद्र की टीम ने तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज एवं टेक्निकल सर्विलांस से आरोपी को शनिवार को मथुरा के पास से दबोच लिया लिया। आरोपी ने बताया कि वह आत्महत्या करने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। वह लंबे समय तक फोन पर बात करती थी। उसने कई बार पत्नी को टोका था लेकिन उसने अनसुना कर दिया। इसलिए गोपाल का शक पत्नी के चरित्र पर गहराता जा रहा था। पुलिस ने दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी थी। दोनों के परिजन शनिवार सुबह दिल्ली पहुंच गए थे।