दिल्लीवालो! बस दो-तीन दिन और.. फिर उमस से मिलेगा छुटकारा, IMD का मॉनसूनी बारिश पर बड़ा अपडेट
दिल्ली में मॉनसून बस 2-3 दिन दूर है। IMD ने मौसम को लेकर भविष्यवाणी की है। दिल्ली को जल्द ही उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। 3-10 जुलाई तक सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है।

देश के कई राज्यों में जहां मॉनसून कहर बरपा रहा है वहीं राजधानी दिल्ली में उमस और गर्मी ने हाहाकार मचा रखा है। हर कोई आसमान की ओर टकटकी लगाए राहत भरी बारिश का इंतजार कर रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आखिरकार राहत भरी खबर दी है। बस दो-तीन दिन और, फिर दिल्ली में मॉनसून की फुहारें झमाझम बरसेंगी। शुक्रवार को आईएमडी ने बताया कि मॉनसून अब दिल्ली की दहलीज पर दस्तक देने को तैयार है। देश का लगभग हर कोना मॉनसून की बारिश से सराबोर हो चुका है, सिवाय उत्तर-पश्चिम के एक छोटे से हिस्से के, जिसमें दिल्ली भी शामिल है। लेकिन अब इंतजार की घड़ियां खत्म होने को हैं। जानिए कब से दिल्ली में बारिश शुरू होगी।
मॉनसून का दिल्ली से 'आखिरी आंखमिचौली'
IMD के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दिल्ली समेत देश के बाकी हिस्सों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा। दिल्ली के आसपास का इलाका इस बार मॉनसून की रेस में थोड़ा पीछे रह गया है। आमतौर पर 27 जून तक मॉनसून दिल्ली में दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार ऊपरी वायुमंडलीय परिसंचरण (एंटी-साइक्लोनिक हवाएं) ने बारिश को रोके रखा है। ये हवाएं उच्च दबाव बनाकर मॉनसून की नमी को दिल्ली तक पहुंचने से रोक रही हैं। लेकिन अच्छी खबर ये है कि मॉनसून की 'ट्रफ लाइन' अब दिल्ली के ठीक दक्षिण में है और इसके कुछ किलोमीटर उत्तर की ओर खिसकते ही बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
1961 के बाद सबसे 'छोटा' सूखा कोना
इस साल मॉनसून ने पूरे भारत को लगभग कवर कर लिया है, सिवाय उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से, दिल्ली और राजस्थान के सुदूर पश्चिमी इलाकों के एक छोटे से टुकड़े के। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 1961 के बाद से यह पहली बार है जब मॉनसून ने इतने छोटे क्षेत्र को छोड़ा है। यानी, दिल्ली इस बार एक अनोखे मौसमी रिकॉर्ड का हिस्सा बन रही है!
दिल्ली क्यों रह गई सूखी?
जबकि पूरे भारत में जून में 9% अधिक बारिश हुई है, दिल्ली अभी भी सूखी और उमस भरी गर्मी से जूझ रही है। मध्य भारत में 22% और उत्तर-पश्चिम भारत में 39% अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई है। लेकिन दिल्ली के आसपास नमी तो है, मगर बादल और बारिश अभी तक नदारद हैं। IMD के वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून की 'ट्रफ' के उत्तर की ओर बढ़ने पर दिल्ली में बारिश का माहौल बनेगा।
पड़ोसी राज्यों में जमकर हो रही बारिष
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों में मॉनसून ने पहले ही धमाल मचा दिया है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जून से 3 जुलाई तक भारी बारिश की भविष्यवाणी है। हिमाचल और पंजाब में 29 जून को, हरियाणा में 29-30 जून को, और उत्तराखंड में 1 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक और असम में तो पहले से ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लेकिन दिल्ली अभी भी बादलों की मेहरबानी का इंतज़ार कर रही है।
कब आएगी राहत की बौछार?
IMD की लंबी अवधि की भविष्यवाणी के अनुसार, 3 से 10 जुलाई के बीच मॉनसून की 'ट्रफ' अपनी सामान्य स्थिति में आ जाएगी। इससे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी हिमालय में सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है। तो दिल्लीवासियों, बस थोड़ा और सब्र। जल्द ही मॉनसून की ठंडी फुहारें आपको गर्मी और उमस से राहत दिलाएंगी।