RCB के गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ शिकायत, शादी का झांसा देकर उत्पीड़न का आरोप
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के तेज गेंदबाज यश दयाल मुश्किलों में घिरते नजर आ रहा है। एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के तेज गेंदबाज यश दयाल मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती ने नामी क्रिकेटर पर शादी का झांसा देकर उत्पीड़न के आरोप लगाये हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
युवती ने अपनी शिकायत में लिखा कि वह पांच साल से एक क्रिकेटर के साथ रिश्ते में थी। उसने शादी का झांसा देकर मानसिक और शारीरिक शोषण किया। अपने परिवार से उनकी बहू के रूप में मिलवाया। उन्हें आर्थिक रूप से भी अपने ऊपर निर्भर कर दिया। कछ समय पहले पता चला कि क्रिकेटर के कई अन्य युवती से भी संबंध हैं। उन्हें भी इसी तरह प्रलोभन दिया है। पीड़िता ने कहा कि उन्होंने महिला हेल्पलाइन पर भी कॉल की। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दी।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भी पीड़िता ने मुख्यमंत्री को शिकायत करते हुए कहा कि अभी तक उनके मामले में कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता की लिखित शिकायत में क्रिकेटर का नाम नहीं लिखा है। हालांकि एक्स पर उन्होंने क्रिकेटर के साथ अपना एक फोटो भी डाल रखा है।
वहीं पुलिस की माने तो शिकायत के आधार पर पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। क्रिकेटर को भी बयान दर्ज करने के लिए बुलाया जाएगा। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि 21 जून को मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शिकायत मिली थी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।