Hindi Newsदेश न्यूज़uttarakhand youth freed up after bjp mp anil baluni intervention from punjab

भाजपा सांसद अनिल बलूनी के दखल पर पंजाब से छुड़ाया गया 15 सालों से बंधक उत्तराखंड का युवक

युवक को पंजाब के तरनतारन के डिनेवाल गांव की एक गौशाला में पिछले 15 वर्षों से बंधुआ मजदूर की तरह रखा गया था, जहां उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। गढ़वाल से सांसद और भाजपा प्रवक्ता अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से संपर्क किया था।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 26 June 2025 11:37 AM
share Share
Follow Us on
भाजपा सांसद अनिल बलूनी के दखल पर पंजाब से छुड़ाया गया 15 सालों से बंधक उत्तराखंड का युवक

पंजाब के तरनतारन जिले के एक गांव की गौशाला में 15 वर्षों से बंधुआ मजदूर की तरह काम कर रहे उत्तराखंड के एक युवक को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के आदेश पर मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई भाजपा सांसद अनिल बलूनी के हस्तक्षेप के बाद की गई। बलूनी ने बुधवार को बताया कि युवक को पंजाब के तरनतारन जिले के डिनेवाल गांव की एक गौशाला में पिछले 15 वर्षों से बंधुआ मजदूर की तरह रखा गया था, जहां उसे जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। गढ़वाल से सांसद और भाजपा प्रवक्ता अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से संपर्क किया था।

इस वीडियो में एक युवक को कठिन हालात में मवेशियों की देखभाल करते हुए देखा गया था। बलूनी ने कहा, 'पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के त्वरित हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई के कारण उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र के एक युवक को 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराया गया।' एक बयान में कहा गया कि कटारिया ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। यादव ने तरनतारन जिले की पुलिस को बुलाया, जिसने कुछ ही घंटों में पीड़ित को ढूंढ निकाला और उसे गौशाला मालिक के कब्जे से छुड़ाया।

अनिल बलूनी राज्यसभा के सांसद रहे हैं। फिलहाल वह लोकसभा के मेंबर हैं। वह 2024 के आम चुनाव में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से जीतकर संसद पहुंचे थे। इससे पहले 2018 में उन्हें भाजपा ने उच्च सदन में भेजा था। पंजाब में बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाने के लिए लंबे समय से मांग चल रही थी और राज्य के कई सामाजिक संगठन ऐक्टिव थे। इसी को देखते हुए सांसद ने राज्यपाल से बात की। फिर गवर्नर के आदेश पर पुलिस ऐक्टिव हुई तो एक दिन के अंदर ही युवक को छुड़ा लिया गया, जो बीते डेढ़ दशकों से बंधक की तरह काम कर रहा था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें