अब हिसार से चंडीगढ़ महज 1 घंटे में, शुरू हो गई विमान सेवा; सीएम नायब सिंह सैनी ने किया उद्घाटन
अब हिसार से चंडीगढ़ तक 252 किलोमीटर का सफर हवाई रास्ते से मात्र एक घंटे में तय हो जाएगा। सीएम नायब सिंह सैनी ने हिसार एयरपोर्ट पर हरी झंडी दिखाई।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से राजधानी चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह हवाई अड्डे के लिए पहली उड़ान का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री खुद इस फ्लाइट में सवार हुए और चंडीगढ़ तक यात्रा की। यह सेवा हिसार को बेहतर हवाई संपर्क प्रदान करेगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगी।
हरियाणा के भविष्य की ओर एक मजबूत कदम: सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फ्लाइट रवाना करते हुए कहा कि यह केवल एक हवाई सेवा नहीं, बल्कि हरियाणा के भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 2.8 करोड़ नागरिक इस सेवा का लाभ उठाएंगे और आने वाले समय में यह एयरपोर्ट प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास का केंद्र बनेगा। सैनी ने बताया कि यह हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी नियमित उड़ान सेवा है और आगे जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे न केवल यात्रा में समय की बचत होगी, बल्कि यह क्षेत्र निवेश और पर्यटन के नए अवसरों की ओर भी अग्रसर होगा।
इस नई हवाई सेवा का संचालन एलाइंस एयरलाइन कर रही है। फिलहाल यह सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को उपलब्ध होगी। विमान 48 सीटों वाला होगा। पहली उड़ान दोपहर 3:20 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी और शाम 4:30 बजे हिसार एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4:55 बजे वापसी की फ्लाइट हिसार से उड़ान भरकर शाम 5:55 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यात्रियों को इस सेवा के लिए प्रति टिकट लगभग 1700 रुपए चुकाने होंगे, हालांकि यह किराया फ्लेक्सी प्राइसिंग के आधार पर तय होगा। हिसार से चंडीगढ़ की दूरी लगभग 252 किमी है और सड़क मार्ग से जहां यह सफर 4 घंटे में तय होता है, वहीं अब हवाई मार्ग से यह सफर महज 1 घंटे में पूरा हो सकेगा।
जम्मू-अहमदाबाद के लिए भी जल्द शुरू होगी उड़ान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए हवाई सेवा का उद्घाटन किया था। फिलहाल हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या व दिल्ली के लिए उड़ान सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। सप्ताह में दो दिन शुक्रवार व रविवार को अयोध्या के लिए फ्लाइट जाती है। सरकार की योजना हिसार एयरपोर्ट को उत्तर भारत के एक प्रमुख हवाई केंद्र के रूप में विकसित करने की है। आने वाले समय में यहां से धर्मशाला, जम्मू, श्रीनगर, अहमदाबाद और जयपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए भी विमान सेवा शुरू होगी। वहीं, हिसार एयरपोर्ट के निदेशक प्रशांत फुलमरे ने बताया कि हिसार से वाया चंडीगढ़ धर्मशाला के लिए उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी है। फिलहाल डीजीसीए की अनुमति का इंतजार कर रहे हैं। अनुमति मिलते ही हवाई सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
*(रिपोर्ट- मोनी देवी, लाइव हिन्दुस्तान)