Hindi Newsदेश न्यूज़bulldozer action order at romil vohra home killed in police encounter

सुबह एनकाउंटर में मारा गया बदमाश रोमिल वोहरा, शाम को आ गया घर ढहाने का आदेश

कुख्यात बदमाश रोमिल वोहरा का सोमवार सुबह हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने ज्वाइंट एक्शन में ढेर कर दिया गया। शाम को ही 15 दिनों के भीतर मकान गिराने का आदेश जारी कर दिया गया। कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मकान खाली नहीं किया था।

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तानTue, 24 June 2025 10:14 PM
share Share
Follow Us on
सुबह एनकाउंटर में मारा गया बदमाश रोमिल वोहरा, शाम को आ गया घर ढहाने का आदेश

हरियाणा में कई हत्याकांडों में वांछित कुख्यात बदमाश रोमिल वोहरा का सोमवार सुबह हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने ज्वाइंट एक्शन में एनकाउंटर कर दिया। वह कुरुक्षेत्र के शांतनु हत्याकांड और यमुनानगर में तिहरे हत्याकांड में भी वॉन्टेड था। अब यमुनानगर प्रशासन ने उसके अवैध मकान को ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी। नगर निगम ने दिल्ली में एनकाउंटर के बाद ही उसके घर पर नोटिस चस्पा किया और 15 दिनों के भीतर मकान गिराने का आदेश जारी किया है। यमुनानगर के उप नगर योजनाकार मनोज कुमार ने बताया कि कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद मकान खाली नहीं किया गया। अब 15 दिन के अंदर इस अवैध मकान को ध्वस्त करने का आदेश दिया गया है।

पिता ने नहीं दिया था नोटिस का जवाब

नगर निगम के नोटिस में बताया गया है कि कांसापुर रोड स्थित अशोक विहार में बना डबल स्टोरी मकान बिना सरकारी मंजूरी के अवैध रूप से बनाया गया था। नगर निगम ने इस मकान के खिलाफ पहला नोटिस 3 जून को रोमिल के पिता कपिल वोहरा के नाम जारी किया था, लेकिन उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए नोटिस घर के बाहर दीवार पर चस्पा कर दिया गया। इसमें मकान को तत्काल खाली करने और 10 जून तक कार्यालय में पेश होने का आदेश था। इसके बाद भी कपिल वोहरा ने नगर निगम कार्यालय में अपनी बात नहीं रखी, जिस पर 16 जून को पर्सनल हियरिंग का नोटिस भी जारी किया गया। घर पर कोई नहीं मिलने के कारण इसे भी बाहर चिपकाया गया। इस नोटिस में मकान के उपयोग को तुरंत बंद करने और 23 जून तक पक्ष रखने के निर्देश थे। 23 जून तक कोई जवाब न मिलने के बाद मंगलवार सुबह रोमिल वोहरा का एनकाउंटर कर दिया गया। आज ही नगर निगम अधिकारियों ने उसके मकान पर फिर से नोटिस चस्पा किया, जिसमें कहा गया है कि अब अवैध निर्माण को गिराने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। तोड़फोड़ की जिम्मेदारी मकान मालिकों की होगी।

22 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में बड़ा नाम बना

यमुनानगर के कांसापुर में जन्मे रोमिल वोहरा महज 22 साल की उम्र में ही अपराध की दुनिया में एक बड़ा नाम हो चुका था। हरियाणा पुलिस ने रोमिल वोहरा पता बताने के लिए 3 लाख रुपए का इनाम रखा था। वह दिसंबर 2024 को यमुनानगर के खेड़ी लक्खा सिंह में तिहरे हत्याकांड में शामिल था। इसमें भाजपा नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई वीरेंद्र राणा, शराब ठेकेदार अर्जुन राणा और शामली के पंकज मलिक की हत्या हुई थी। 13 जून को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में शराब कारोबारी शांतनु की हत्या में भी रोमिल शामिल था। 15 मई को यमुनानगर के व्यासपुर स्थित आईलेट्स सेंटर पर ताबड़तोड़ फायर और मोहाली में म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के घर के बाहर भी फायरिंग की थी। अप्रैल में शाहाबाद में 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के लिए आईलेट्स सेंटर पर फायरिंग की थी।

(रिपोर्टः मोनी देवी, लाइव हिन्दुस्तान)

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
अगला लेखऐप पर पढ़ें