मुंबई आ रहा प्लेन कोलकाता में हुआ लैंड, एयर इंडिया के विमान के इंजन में गड़बड़ी; उतारे गए सभी यात्री
एयर इंडिया के विमान में फिर से दिक्कत हुई है। इस बार सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहा विमान इंजन में गड़बड़ी के चलते कोलकाता में लैंड हुआ। यात्रियों को यहीं उतारना पड़ा।

हमदाबाद हादसे के बाद एयर इंडिया की फ्लाइट्स लगातार मुश्किल में हैं। ताजा मामला एयर इंडिया के सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रहे विमान का है। इस विमान के बाएं इंजन में गड़बड़ी की बात सामने आई है। इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर इस विमान को उतार लिया गया। विमान लैंड होने के बाद सभी यात्रियों को वहीं उतार दिया गया। बताया जाता है कि विमान के इंजन में खराबी के चलते इसने आगे की यात्रा नहीं की। पिछले कुछ दिनों में उड़ान के दौरान लगातार परेशानियों की बात सामने आई है। सोमवार को एयर इंडिया के विमान को उड़ान भरने के बाद ही हांगकांग वापस जाना पड़ा।
फ्लाइट की सुरक्षा को देखते हुए उठाया कदम
जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट एआई180 सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही थी। अचानक कुछ दिक्कत महसूस होने पर सोमवार देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर इस फ्लाइट को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद पता चला कि विमान के बाएं इंजन में गड़बड़ी है। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर इस विमान की आगे की यात्रा रद्द कर दी गई। सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। एयरक्राफ्ट के कप्तान ने यात्रियों को सूचना देते हुए कहाकि फ्लाइट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
एक के बाद एक कई मामले
एअर इंडिया के एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के दिल्ली के लिए उड़ान भरने के एक घंटे के भीतर उसमें तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद सोमवार को उसे हांगकांग लौटना पड़ा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या एआई 315 हांगकांग में सुरक्षित तरीके से उतरी। वहीं, चेन्नई जाने वाला ब्रिटिश एयरवेज का बोइंग ड्रीमलाइनर विमान रविवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच उड़ान से ही वापस लंदन लौट गया। कुछ ऐसा ही 16 जून को लुफ्तांसा की फ्लाइट के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ। जर्मनी से हैदराबाद आ रहे इस विमान को बम की धमकी के चलते वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि गत 12 जून को लंदन जाने वाला एअर इंडिया का विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर अहमदाबाद में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान उड़ान भरने के एक मिनट से भी कम समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई थी।