राजा रघुवंशी मर्डर पर आया जावेद अख्तर का रिएक्शन, सोनम को लेकर क्या बोले
राजा रघुवंशी हत्याकांड पर स्क्रीन राइटर जावेद अख्तर का रिएक्शन सामने आया है। जावेद अख्तर ने कहा कि क्या किसी ने सोनम रघुवंशी से उसकी शादी से पहले पूछा था कि वो शादी करना चाहती है या नहीं।

बीते महीने मेघालय के शिलॉन्ग में राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी ने की थी। देश में कोई बड़ा मामला हो तो लोग जावेद अख्तर की प्रतिक्रिया जरूर जानना चाहते हैं। इस मामले पर अब लेखक, बॉलीवुड स्क्रीनराइटर और मशहूर शायर जावेद अख्तर का बयान सामने आया है। राजा रघुवंशी की हत्या और सोनम रघुवंशी को लेकर जावेद अख्तर ने कहा कि क्या शादी से पहले सोनम की राय किसी ने पूछी थी। इस दौरान जावेद अख्तर ने समाज को खूब खरी-खरी बातें सुनाईं।
सोनम पर क्या बोले जावेद अख्तर
राजा रघुवंशी की हत्या के बाद पूरे देश की जनता के मन में ये सवाल खड़ा हुआ कि सोनम रघुवंशी ने अपने हंसमुख पति की हत्या क्यों कर दी। देश की राय से राय मिलाते हुए जावेद अख्तर ने एक और सवाल खड़ा कर दिया कि क्या किसी ने सोनम की शादी से पहले उससे पूछा था कि वो राजा से शादी करना चाहती थी या नहीं? जावेद अख्तर ने सोनम पर बात करते हुए कहा कि क्या एक छोटे शहर के आम घर की लड़की के लिए अपने मां-बाप से ये कहना आसान है कि जिसे उसके घरवालों ने चुना है, वो उससे शादी नहीं करना चाहती है।
समाज को सुनाई खरी-खरी
राजा रघुवंशी और मेरठ के नीला ड्रम हत्याकांड के बाद इस बात पर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई कि महिलाएं ऐसा क्यों कर रही हैं? अब जावेद अख्तर ने समाज को इन दो घटनाओं पर चिंता को लेकर खरी-खरी सुनाई। राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी मामले पर जावेद अख्तर ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा कि मेरठ और इंदौर के कपल जैसी दो घटनाओं ने समाज को इतना झिंझोड़ दिया और जो हर रोज महिलाएं मारी जाती हैं, तब समाज कहां रहता है। तब समाज की भावनाएं इतनी नहीं उबलतीं। हालांकि, जावेद अख्तर ने कहा कि जो हुआ वो अपराध है, लेकिन समाज को महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार पर इतना ही चिंता करनी चाहिए, जितना इन दो घटनाओं पर कर रहे हैं।
कौन हैं जावेद अख्तर
जावेद अख्तर मशहूर बॉलीवुड फिल्म स्क्रीन राइटर हैं। इसके अलावा वो लेखक और शायर भी हैं। जावेद अख्तर की गिनती देश के विद्वान लोगों में की जाती है। आजादी से पहले 1945 में जावेद अख्तर का जन्म ग्वालियर में हुआ था। सलीम खान के साथ पटकथा लेखक के रूप में उनकी जोड़ी सलीम-जावेद की जोड़ी के नाम से जानी जाती थी, जो बाद में टूट गई। जावेद अख्तर को कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें पद्म श्री, पद्म भूषण, 5 बार राष्ट्रीय पुरस्कार और उन्हें फिल्मफेयर अवार्ड भी मिल चुका है।