भोपाल से जबलपुर तक पानी-पानी, MP में झूमकर बरस रहा मॉनसून; पढ़ें मौसम अपडेट
Madhya Pradesh Weather: मध्यप्रदेश में मॉनसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई हिस्सों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मध्यप्रदेश में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज राजधानी भोपाल से लेकर जबलपुर तक बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। जानिए आज कहां कैसा मौसम रहेगा।
मॉनसून की मध्यप्रदेश में जोरदार एंट्री
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने मध्यप्रदेश में 17 जून को दस्तक दी थी और अब तक यह राज्य के 60% से अधिक हिस्सों को कवर कर चुका है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में मॉनसून की बौछारें जोर पकड़ रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून पूरे मध्यप्रदेश को अपने आगोश में ले लेगा। इस साल सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है, जो किसानों के लिए राहत की खबर है।
आज बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट
आज मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। भोपाल और इंदौर में सुबह से ही रिमझिम फुहारें शुरू हो चुकी हैं, जिससे तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। ग्वालियर और चंबल संभाग में तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, और सिंगरौली जैसे पूर्वी जिलों में आज अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हो सकते हैं। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कहां कैसा रहेगा मौसम?
- भोपाल: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 23°C, हल्की बारिश के साथ 15-20 किमी/घंटा की हवाएं।
- इंदौर: अधिकतम 30°C, न्यूनतम 22°C, रुक-रुक कर बारिश और 10-15 किमी/घंटा की हवाएं।
- ग्वालियर: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 25°C, बादल छाए रहेंगे, तेज हवाओं के साथ बारिश।
- जबलपुर: अधिकतम 29°C, न्यूनतम 24°C, मध्यम बारिश की संभावना।आर्द्रता का स्तर 70-80% के बीच रहेगा, जिससे मौसम सुहावना लेकिन उमस भरा महसूस हो सकता है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
25 जून से मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 25-26 जून को मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। खासकर गुजरात और महाराष्ट्र से सटे क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का असर देखने को मिलेगा।