इंदौर में टेक ऑफ से पहले अचानक हुआ कुछ ऐसा, रनवे से वापस लौटी इंडिगो की फ्लाइट
इंदौर से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E 6332 में टेक ऑफ से पहले कुछ तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते विमान को रनवे से ही वापस किया गया।
मध्यप्रदेश के इंदौर से भुवनेश्वर की उड़ान भरने को तैयार इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 ने सोमवार सुबह उस वक्त सभी की सांसें थाम दीं, जब टेक ऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का पता चला। 140 यात्रियों से भरे इस विमान को रनवे से वापस लौटना पड़ा, जिसके बाद हवाई अड्डे पर हलचल मच गई।
रनवे से 'रिटर्न', पायलट की सतर्कता आई काम
देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट 6E 6332 रनवे की ओर बढ़ रही थी, तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का अहसास हुआ। एयरपोर्ट डायरेक्टर विपिनकांत सेठ ने बताया कि पायलट की त्वरित सतर्कता के कारण विमान को तुरंत 'एप्रन' की ओर मोड़ दिया गया। 'एप्रन' वह क्षेत्र है जहां विमानों का रख-रखाव, ईंधन भरण और यात्री उतार-चढ़ाव होता है।
इंजीनियरों ने संभाला मोर्चा
विमान के 'एप्रन' पर पहुंचते ही इंडिगो के इंजीनियरों ने मोर्चा संभाला। सेठ के मुताबिक, खराबी मामूली थी, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया गया। खास बात यह रही कि इस दौरान यात्रियों को विमान से उतारने की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि, तकनीकी खराबी का सटीक विवरण नहीं दिया गया।
एक घंटे की देरी, फिर भरी उड़ान
तय शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट को सुबह 9 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना होना था, लेकिन मरम्मत कार्य के कारण यह सुबह 10:16 बजे उड़ान भर सकी। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार 140 यात्रियों ने राहत की सांस ली, जब फ्लाइट ने आखिरकार उड़ान भरी।