BJP के झंडे को कीचड़ में गाड़ने और थूकने का आरोप, ग्वालियर में AAP कार्यकर्ताओं पर FIR
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीजेपी के झंडे का अपमान करने के आरोप में आप कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है। आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा के झंडे को कीचड़ में लगा दिया। इस दौरान झंडे पर थूकने का भी आरोप है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीजेपी के झंडे का अपमान करने के आरोप में आप कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है। आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा के झंडे को कीचड़ में लगा दिया। इस दौरान झंडे पर थूकने का भी आरोप है।
ग्वालियर पुलिस ने आदमी पार्टी के नेताओं पर भाजपा के ध्वज का अपमान कर कार्यकर्ताओं की भावना को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। आप नेताओं ने सिटी सेंटर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा के झंडे को कीचड़ में लगा दिया। उन पर झंडे पर थूकने का भी आरोप है। भाजपा जिला संयोजक ने मामले की शिकायत की थी।
ग्वालियर में जरा सी बारिश के बाद कीचड़ होने और अन्य समस्याओं पर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार शाम को प्रदर्शन किया था। कलेक्टर की अनुमति के बगैर किए जा रहे प्रदर्शन में भाजपा के झंडे का आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपमान किया। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भाजपा के झंडे को कचरे के ढेर के पास कीचड़ में गाड़ दिया। इतना ही नहीं, उस पर थूका भी गया।
घटना का पता चलते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी अपने कार्यकर्ताओं के साथ विश्वविद्यालय थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की। माखीजानी ने आरोप लगाया है कि आप नेताओं की इस तरह की हरकत से भाजपा के कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई हैं। इससे विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता बढ़ सकती है। साथ ही क्षेत्र के शांति व सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
शिकायत के बाद आप के रोहित गुप्ता, अमित शर्मा, आशीष राय, राहुल गौर, त्रिलोचन सिंह, शीलादेवी एवं अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस मामले में कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि आप नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा के ध्वज का अपमान किया था, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।