बिना बताए घर से निकली नाबालिग किशोरी पटना जंक्शन से सकुशल बरामद
खलारी की एक नाबालिग किशोरी घर से गायब हो गई थी। परिजनों की खोजबीन के बाद डालसा रांची चाइल्ड प्रोटेक्शन के प्रतिनिधि मुन्नु शर्मा ने किशोरी को पटना जंक्शन से सुरक्षित रेस्क्यू किया। किशोरी ने गया से...

खलारी, निज प्रतिनिधि। खलारी बाजारटांड़ की रहने वाली एक नाबालिग किशोरी को डालसा रांची चाइल्ड प्रोटेक्शन खलारी के प्रतिनिधि मुन्नु शर्मा ने रविवार को पटना जंक्शन से सकुशल रेस्क्यू कर परिजनों को राहत दी। जानकारी के अनुसार किशोरी घर से बिना बताए अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना डालसा प्रतिनिधि मुन्नु शर्मा को दी। परिजनों से मिली सूचना के आधार पर मुन्नु शर्मा ने गया में तलाश शुरू की। इसी बीच पता चला कि किशोरी गया से ट्रेन पकड़ कर दानापुर होते हुए पटना जंक्शन पहुंच गई है।
तत्परता दिखाते हुए मुन्नु शर्मा ने रेलवे सुरक्षा कंट्रोल, दानापुर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पटना जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 10 से किशोरी को सत्यापन के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। किशोरी के बरामद होने की सूचना पर परिजन खलारी से पटना के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल किशोरी के खलारी से पटना पहुंचने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।