दिल्ली में वैश्य मोर्चा का महाधरना 31 को
बैठक में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय, एकजुट होकर संघर्ष में साथ देने की अपील

रांची। झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक शनिवार को रांची के होटल आलोका सभागार में हुई। इसमें केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि वैश्य समाज के लोग वर्तमान में कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर महाधरना दिया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जनसंपर्क अभियान 20 जुलाई तक प्रखंड और ग्राम स्तर पर चलाया जाएगा। पांच जुलाई को रांची में महाधरना से संबंधित पोस्टर, बैनर और पर्चा जारी किया जाएगा।
साहु ने कहा कि जो लोग वैश्य समाज के लिए नहीं हैं, वैश्य मोर्चा उनके साथ नहीं खड़ा रहेगा। उन्होंने समाज के नेताओं, अधिकारियों और बुद्धिजीवियों से एकजुट होकर संघर्ष में साथ देने की अपील की। इसमें कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु, वरीय उपाध्यक्ष सह अधिवक्ता रामसेवक प्रसाद, केंद्रीय उपाध्यक्ष सह अधिवक्ता सहदेव चौधरी, उप-प्रधान महासचिव अशोक गुप्ता, केंद्रीय महासचिव दिलीप प्रसाद, शिव प्रसाद साहु आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।