इटकी में लोकपाल ने मनरेगा योजनाओं को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
इटकी में मनरेगा लोकपाल पुष्पलता जायसवाल ने पुरियो पंचायतों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया। लाभुकों द्वारा बनाए जा रहे सिंचाई कूप का निरीक्षण करने...

इटकी, प्रतिनिधि। प्रखंड की पुरियो पंचायतों का मंगलवार को भ्रमण कर मनरेगा लोकपाल पुष्पलता जायसवाल ने योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर मनरेगा योजनाओं को पूरा करने का निर्देश जारी किया। लोकपाल अधिकारियों की एक टीम के साथ पुरियो पंचायत पहुंची और लाभुक छोटू मुंडा, एतवा उरांव, साहिल कुजूर और फागू उरांव सहित अन्य लाभुकों द्वारा बनाए जा रहे सिंचाई कूप का निरीक्षण किया। इस दौरान लाभुकों को बारिश से पहले सिंचाई कूप का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद रेखा देवी और भानुप्रताप की आम की बागवानी और देवसागर शेड निर्माण का मुआयना किया। वहीं पंचायत सचिवालय पहुंचकर मनरेगा योजनाओं के अभिलेखों की जांच की।
उन्होंने आवंटन के बारे में बताया कि केन्द्र सरकार मनरेगा योजनाओं का आवंटन रिलीज कर दिया है। राज्य सरकार द्वारा मनरेगा मजदूर, वेंडरों का बकाया और मनरेगाकर्मियों के मानदेय का भुगतान जल्द करने की बात कही। प्रखंड में वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा के 168 योजनाएं स्वीकृत की गई है। इसमें बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम की बागवानी 30 एकड़, अबुआ आवास 74 और प्रधानमंत्री आवास 64 शामिल हैं। जबकि पूर्व के 219 सिंचाई कूप का निर्माण करना है। वहीं वेंडरों को पिछले एक वर्ष से सामग्री का भुगतान नहीं किया जा सका है जिससे वेंडरों के 91.68 लाख से अधिक बकाया हैं। वहीं मजदूरों की तीन माह की मजदूरी और मनरेगाकर्मियों के चार माह के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। निरीक्षण टीम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संजय कुमार साहू, सहायक अभियंता मेरी प्रतिभा टुडू, जेई एमडी मजाज, लेखा सहायक राधेश्याम गुप्ता, मुखिया अनिता देवी, पंचायत सचिव राजेश वर्मा और रोजगार सेवक रामप्रसाद शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।