झामुमो का बयान राष्ट्रविरोधी और अमर्यादित : भाजपा
झामुमो पर छोटी मानसिकता और नासमझी का लगाया आरोप, जनगणना जैसी प्रक्रियाएं पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से हो रही

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान को राष्ट्रविरोधी और अमर्यादित बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और वैश्विक स्तर पर उन्हें सर्वोच्च सम्मान मिल रहा है, जिससे देश का गौरव बढ़ा है। साइप्रस द्वारा हालिया सम्मान इसका प्रमाण है, लेकिन झामुमो इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से देखने में विफल रहा। मनोज सिंह ने झामुमो पर छोटी मानसिकता और नासमझी का आरोप लगाते हुए कहा कि डिजिटल युग में जनगणना जैसी प्रक्रियाएं पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से हो रही हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कोविड काल में भारत ने डिजिटल टीकाकरण सर्टिफिकेट जैसी उपलब्धियों से विश्व में मिसाल कायम की, जिसे झामुमो जैसे दल शुरू में नकारते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने भी उसका लाभ उठाया।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल जनगणना से पारदर्शी आंकड़े सामने आएंगे, जिससे झामुमो और कांग्रेस जैसे दलों की राजनीति में तुष्टीकरण की रणनीति उजागर होगी। मनोज सिंह ने पॉपुलेशन हैकिंग जैसे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि डिजिटल प्रक्रिया में ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पॉपुलेशन हैकिंग का काम तो अपने स्थापना काल से कांग्रेस-झामुमो सहित इंडिया गठबंधन वाले लोग करते चले आ रहे, जिसका माध्यम है तुष्टीकरण। उन्होंने कहा कि झामुमो की बौखलाहट इस बात का संकेत है कि वह अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख रहा है और इसलिए अनावश्यक बयानबाजी कर रहा है। प्रवक्ता सिंह ने कहा कि जनगणना की अभी अधिसूचना जारी होते ही झामुमो की चिंता स्वभाविक है, क्योंकि जनगणना से इनके राजनीतिक झूठ उजागर होंगे। स्पष्ट आंकड़े जनता के सामने आएंगे और यह कोई पहली बार नहीं हो रहा। इसके पहले भी कई योजनाओं के सर्वे डिजिटल तरीके से हो चुके हैं। आधार कार्ड से सभी बैंक खाते जुड़े हैं। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया अब डिजिटल तरीके से हो रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।