वैश्य ओबीसी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा : महेश्वर साहू
-- भुरकुंडा में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की बैठक, जंतर-मंतर पर त्राहिमाम महाधरना की तैयारी पर चर्चा

भुरकुंडा, निज प्रतिनिधि। झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा की बैठक शुक्रवार को भुरकुंडा जवाहरनगर में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुकेशलाल सिंदूरिया और संचालन महासचिव भुनेश्वर साव ने किया। इसमें मुख्य रूप से मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू उपस्थित थे। बैठक में तय हुआ कि 31 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित त्राहिमाम महाधरना में सैकड़ों की संख्या में शामिल होंगे। इसके मुकेशलाल सिंदूरिया और भुनेश्वर साव को प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके पूर्व 4 जुलाई से पतरातू, बड़कागांव, केरेडारी, रामगढ़, डाड़ी, मांडू, गोला, दुलमी आदि प्रखंडों में बैठक व जनसंपर्क के माध्यम से महाधरना से संबंधित पर्चा वितरण करने का निर्णय लिया गया।
केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने कहा कि ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है, जिसे नजरअंदाज किया जा रहा है। वैश्य मोर्चा इस मुद्दे को लेकर हर स्तर पर लड़ाई लड़ने को तैयार है। महेश्वर साहू ने कहा कि वैश्य समाज पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं और डराने, दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे बैठक में मोर्चा ने भुरकुंडा को प्रखंड बनाने के लिए आहूत सभी आंदोलन और अभियान का समर्थन करने की घोषणा की। बैठक में अशोक साव, श्रीनिवास अग्रवाल, भरत केशरी, देवकुमार पंडित, ओमप्रकाश साव, जीवन गुप्ता, महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष गीता देवी राणा, सचिव चिंता देवी, पिंटू गुप्ता, उपेंद्र शर्मा, मिथिलेश लाल, गोपाल केशरी, कुसुमलता देवी आदि उपस्थित थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।