रथयात्रा के दौरान सात महिलाओं से चेन छिनतई
पाकुड़ के रथ मेला मैदान में रथयात्रा के दौरान सात महिलाएं चैन स्नैचिंग की शिकार हो गईं। पीड़ित महिलाओं में से एक ने भाग रही चोर महिला को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। स्थानीय लोगों ने चार युवाओं को भी...

पाकुड़, प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के रथ मेला मैदान में रथयात्रा के क्रम में सात महिलाएं चैन स्नैचिंग की शिकार हो गयी। वहीं चैन छिन कर भाग रही एक महिला को पीड़ित महिला ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। धरायी गयी महिला पश्चिम बंगाल के मालदा की बतायी जा रही है। सूत्रों की मानें तो स्थानीय लोगों ने चार युवाओ को भी पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। परंतु पुलिस इस मामले में कुछ कहने से बच रही है। वहीं मेले से कई लोगों के मोबाईल चोरी की भी सूचना है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रथयात्रा के दौरान काफी भीड़ थी।
विभिन्न जगहों से काफी संख्या में लोग व महिलाएं मेला पहुंचे थे। इसी क्रम में शातिर चैन स्नैचरों ने घटना को अंजाम दिया। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम निवासी पुजा राजवंशी ने बताया कि अभी हाल ही में उसने एक भर सोने का चैन बनवाया था। रथयात्रा के क्रम में किसी ने उसका चैन छिन लिया। वहीं ग्वालपाड़ा निवासी सीता कुमारी भी चैन स्नैचिंग का शिकार हो गयी। वहीं भगतपाड़ा निवासी अशोक कुमार भगत की मां व बुआ भी चैन स्नैचिंग की शिकार हुई। स्नैचरों ने इंडसइंड बैंक व रॉयल इनफील्ड शोरूम के समीप घटना को अंजाम दिया। वहीं राजापाड़ा निवासी ममता पांडे का भी चैन स्नैचरों ने छिन लिया। इस छिनाझपटी में ममता पांडे ने भाग रही एक महिला को पकड़ कर पुलिस को भी सौंपा है। इधर गोकुलपुर घोषपाड़ा निवासी चांदनी देवी भी स्नैचरों का शिकार हुई है। समाचार भेजे जाने तक छह पीड़ितों ने लिखित आवेदन नगर थाना में सौंपा है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।