कोडरमा के डोमचांच में करंट की चपेट में आने से बुआ-भतीजे की मौत
डोमचांच थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में गुरुवार शाम को करंट से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो वर्षीय विश्वजीत और 14 वर्षीय सरस्वती शामिल हैं। विश्वजीत ने लोहे के गेट को छू लिया, जिसमें करंट दौड़...

डोमचांच, निज प्रतिनिधि)। डोमचांच थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में गुरुवार शाम करीब पांच बजे करंट से दो मासूम की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दो वर्षीय विश्वजीत प्रताप सिंह (पिता सूरज सिंह) और 14 वर्षीय सरस्वती कुमारी (पिता मैनेजर सिंह) के रूप में हुई है। दोनों आपस में बुआ-भतीजा थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वजीत अक्सर अपने चचेरे दादा के घर खेलने आया करता था। गुरुवार को भी वह घर के अंदर खेल रहा था। इसी दौरान उसने घर के लोहे के गेट को छू लिया, जिसमें एक कटा हुआ बिजली तार सटा हुआ था। इससे गेट में तेज करंट दौड़ रहा था।
गेट छूते ही मासूम विश्वजीत करंट की चपेट में आकर तड़पने लगा। उसी समय घर के अंदर आटा गूंथ रही सरस्वती ने जब बच्चे को छटपटाते देखा, तो वह दौड़कर उसे बचाने पहुंची। लेकिन जैसे ही उसने भतीजे को छुने की कोशिश की, वह खुद भी करंट की चपेट में आ गई। कुछ देर बाद एक महिला घर पहुंची, जिसने दोनों को बेसुध अवस्था में देखा और किसी तरह करंट से अलग किया। मगर तब तक दोनों की जान जा चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।