झारखंड में आज फिर बरसेगी आफत! रांची समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; 8 में स्कूल बंद
Jharkhand Weather: झारखंड मौसम विभाग ने बारिश को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जिलों में आज झमाझम बारिश होगी। इस दौरान 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिये गए हैं।

Jharkhand Weather: झारखंड में आज फिर से आसमान से आफत बरसेगी। गुरुवार को हुई बारिश ने 8 की जान ले ली और मौसम विभाग ने एक बार फिर से 10 जिलों में शुक्रवार को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया हैं। इनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, कोडरमा, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहरदगा हैं। वहीं गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, चतरा, पलामू, गढ़वा, गुमला व सिमडेगा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देवघर और जामताड़ा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र कायम है। 21 जून के बाद बारिश की रफ्तार में कमी आने से राहत मिलेगी।
रांची समेत कई जिलों में आज भी स्कूल बंद
झारखंड में तीन दिन से हो रही बारिश को देखते हुए कई जिलों में प्रशासन ने शुक्रवार को भी स्कूल बंद करने का निर्णय लिया गया है। खासकर मौसम विभाग द्वारा घोषित किए गए रेड अलर्ट वालों जिलों में एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। इनमें रांची, रामगढ़, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, कोडरमा, हजारीबाग समेत अन्य जिले शामिल हैं। वहीं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में आठवीं कक्षा तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। इससे पहले मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए गुरुवार को रांची, खूंटी, रामगढ़ समेत आठ जिलों में स्कूलों में कक्षाओं का संचालन बंद रहा। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बेहद भारी बारिश होने की आशंका जताई है।
किस जिले में क्या असर
● रांची: नाले उफनाए, दर्जनों निचले मुहल्लों में पानी भरा, ट्रेनें विलंब रहीं
● गुमला: भारी बारिश से सड़कों पर जलजमाव, आवागमन बाधित
● लोहरदगा: पुराने सिठियो कोयल पुल पर चढ़ा पानी, फसलें डूबीं
● रामगढ़: दामोदर में उफान, आसपास के दर्जनों घर जलमग्न
● गढ़वा : कोयल में बाढ़, तीन लोग फंसे, देर रात निकाले गए
● पलामू : कोयल में उफान। बाढ़ में फंसे दो लोग सुरक्षित निकाले गए
● लातेहार: रांची-मेदिनीनगर एनएच पर डायवर्सन बहा, दर्जनों घर गिरे
● कोडरमा: पेड़ गिरने से गया-देवघर मार्ग पर 5 घंटे आवागमन बाधित
● चतरा: टंडवा में एसएच पर पानी चढ़ा, दर्जनभर मका धराशायी
● हजारीबाग: इलाकों में जलजमाव, कई जगह घर में घुसा पानी