झारखंड में अगले 4 दिन होगी भारी बारिश, तूफानी हवाएं भी चलेंगी; IMD का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तेज हवाओं के चलने की भी संभावना है।

राजधानी समेत झारखंड में 29 जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। जबकि गुरुवार (26 जून) को रांची समेत आठ जिलों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य में कहीं तेज हवा के साथ वज्रपात होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में गुरुवार को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि रांची, लोहरदगा, खूंटी, सरायकेला खरसांवा और पूर्वी सिंहभूम में बारिश का येलो अलर्ट रहेगा।
राज्य में कई जगहों पर हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान रामगढ़ में 75 मिमी बारिश हुई। वहीं, जामताड़ा में 71.2, रांची में 69.2, पूर्वी सिंहभूम में 61, पलामू में 58, सिमडेगा 51.2, सिमडेगा 46.0, हजारीबाग 40.1, खूंटी 40, धनबाद 32.6, पश्चिमी सिंहभूम 28.0 मिमी समेत राज्य के अधिकांश भागों में हल्की बारिश हुई।
रांची में अब तक 484 मिमी बारिश : राज्य में एक से 24 जून तक 268.7 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि, इस दौरान राज्य की औसत बारिश 139.9 मिमी सामान्य वर्षापात से 92 फीसदी अधिक है। जबकि, रांची में इस साल 484.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य वर्षापात से 231 मिमी अधिक है।
18005701235 पर फोन कर बारिश में जलजमाव की करें शिकायत
रांची नगर निगम की स्वच्छता टीम ने बुधवार को सेवा सदन सड़क में जलजमाव वाले जगहों का निरीक्षण किया। सहायक प्रशासक की अगुवाई में टीम की ओर से इन जगहों पर विशेष सफ़ाई अभियान चलाया गया। जेसीबी की मदद से नालियों से गाद निकाला गया। इस दौरान नालियों पर ढके स्लैब को हटाकर उनकी सफाई की गई। इसके बाद दोबारा नालियों को स्लैब से ढंक दिया गया। निगम ने लोगों से अपील की है कि वे कूड़ा/प्लास्टिक/प्लास्टिक की बॉटल आदि नालियों में ना डालें। इसके अलावा यदि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होती है तो वे निगम को दूरभाष- 1800 570 1235 पर इसकी सूचना दें। स्मार्ट रांची ऐप के जरिए इसकी शिकायत दर्ज कराएं। इस दौरान टीम ने वार्ड 44 स्थित गौरी शंकर नगर में टूटे हुए पुल का भी निरीक्षण किया।
खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिमी हिस्से और ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बना है। अगले 24 घंटे के दौरान यह एक निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित हो जाएगा। इससे झारखंड में 29 जून तक अच्छी बारिश होने की संभावना बन रही है।
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 4 दिन तक राज्य में बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। जबकि कल गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम को बारिश का आरेंज अलर्ट तथा रांची, खूंटी, लोहरदगा आदि जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश हो सकती है। -अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, मौसम विभाग, रांची।