झारखंडः घर में घुसा बाघ, शख्स ने ऐसे बचाई परिजनों की जान, कर लिया कैद- VIDEO
झारखंड के रांची जिले के मरदु गांव में बुधवार को एक रॉयल बंगाल टाइगर एक किसान के घर में घुस गया जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि किसान ने बड़ी सूझबूझ से परिवार के लोगों की जान बचाई और बाघ को भी एक कमरे में कैद कर लिया।

झारखंड के रांची जिले से लगभग 65 किलोमीटर दूर सिल्ली प्रखंड के मरदु गांव में बुधवार को एक बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर) के कारण अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। बाघ एक किसान के घर में घुस गया जिससे इलाके में दहशत फैल गई। एक वन अधिकारी ने बताया कि मुरी पुलिस चौकी क्षेत्र के मरदु गांव में पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) से एक बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची और बाघ को पिंजरे में कैद कर लिया।
रांची के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने बताया कि बाघ सुबह करीब पांच बजे पूरन चंद महतो के घर में घुसा। जैसे ही पूरन चंद महतो की नजर बाघ पर पड़ी उनके होश उड़ गए। उन्होंने बाघ को घर के एक कमरे में घुसते देखा तो दबे पांव बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी, जिससे बाघ कमरे में कैद हो गया।
रांची के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने बताया कि जब बाघ घर में घुसा तो करीब आठ साल की दो बच्चियां भी घर के अंदर थीं, लेकिन किसान की सूझबूझ से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद घटना स्थल पर रांची के ओरमांझी में स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान से एक रेस्क्यू टीम पहुंची। रेस्क्यू के दौरान प्रशासन ने बाघ वाले घर के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई।
घर के 200 मीटर के दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के जमा होने, ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल करने, किसी प्रकार के अस्त्र- शस्त्र, डंडा, हथियार लेकर चलने पर रोक लगा दी गई। बचाव दल ने सफलतापूर्वक बाघ को पकड़ लिया। बाघ को रांची के बिरसा जैविक उद्यान ले जाया जाएगा, जहां उसे निगरानी में रखा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि बाघ को दोबारा जंगल में छोड़ने पर निर्णय बाद में लिया जाएगा।