Hindi Newsझारखंड न्यूज़jharkhand 44750 teacher vacancy soon education minister

झारखंड के शिक्षा मंत्री ने दी गुड न्यूज, जल्द बहाल होंगे 44,750 टीचर

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने खुशखबरी दी है। उन्होंने कहा है कि सूबे के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जायेगी। इसके लिए जल्द प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में 44750 शिक्षक बहाल होंगे।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, जमशेदपुरFri, 27 June 2025 07:59 AM
share Share
Follow Us on
झारखंड के शिक्षा मंत्री ने दी गुड न्यूज, जल्द बहाल होंगे 44,750 टीचर

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा है कि राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जायेगी। इसके लिए जल्द प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में 44750 शिक्षक बहाल होंगे। इससे इतर 26 सहायक आचार्यों की बहाली प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसका काउंसिलिंग कार्य चल रहा है। जनजातीय भाषा में भी 10 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

मंत्री सोरेन गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है और कार्य भी कर रही है। इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राएं प्लस टू स्कूलों में होंगे समायोजित : मंत्री ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण राज्य में इंटर के छात्रों के भविष्य पर तलवार लटक रहा है। लेकिन, सरकार छात्र-छात्राओं के भविष्य से साथ खिलवाड़ करने नहीं देगी। राज्य के 168 इंटर कॉलेजों के लगभग दो लाख छात्र-छात्राओं को प्लस टू स्कूलों में समायोजित किया जायेगा। इसे लेकर सभी प्लस टू स्कूलों में डीएमएफटी फंड से चार-चार कमरों वाले भवन का निर्माण किया जायेगा। वहीं, इन स्कूलों में पढ़ाई को लेकर शिक्षकों की भी व्यवस्था की जायेगी।

भाजपाई ही कर रहे धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का विरोध

मंत्री ने कहा कि भाजपा जिला से प्रखंड कार्यालय तक धरना-प्रर्दशन कर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है, सरकार को भष्ट्राचारी बता रही है। भाजपा बताये कि पिछले 20 साल में राज्य के विकास के लिए क्या किया। घाटशिला अनुमंडल के धालभूमगढ़ में बनने वाले एयरपोर्ट का विरोध कौन कर रहा है। मंत्री ने कहा कि जमुना टुडू भाजपा की ही हैं और वह खुलकर विरोध कर रही हैं, फिर झामुमो कैसे दोषी है।

हेमंत सरकार से विपक्ष घबराया : विपक्ष हेमंत सोरेन सरकार के विकास कार्यों को देख घबरा गया है। इस कारण गलत बयानबाजी कर रहा है। इस दौरान बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह झामुमो को केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, जिप अध्यक्ष बारी मुर्मू, जगदीश भकत, दुर्गाचरण मुर्मू, कालीपद गोराई, काजल डॉन, प्रधान सोरेन, हीरा सिंह मौजूद थे।

पूरे राज्य में सबसे बेहतर लाइब्रेरी का होगा निर्माण

पूरे राज्य में देश की सबसे बेहतर लाइब्रेरी का निर्माण जिला से अनुमंडल स्तर तक किया जायेगा। इसे लेकर आर्किटेक्ट से नक्शा बनवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 साल में 4885 दिन राज्य में भाजपा की सरकार रही। हमारी सरकार भी लगभग छह साल रही, पर दो साल कोरोना में गया और एक साल ईडी की जांच में। शेष तीन साल में हमनें दर्जनों योजनाएं धरातल पर उतारी, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें