पूर्व मंत्री जेपी पटेल ने श्रमिकों की वापसी की लगाई गुहार
पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर दुबई में फंसे झारखंड के 15 मजदूरों की वतन वापसी की मांग की है। ये मजदूर हजारीबाग, गिरिडीह और धनबाद के हैं और तीन महीने से बिना वेतन के काम...

विष्णुगढ़, प्रतिनिधि। पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर दुबई कमाने गए झारखंड के 15 प्रवासी मजदूरों के वतन वापसी कराने की मांग की है। सभी मजदूर हजारीबाग, गिरिडीह एवं धनबाद जिले के हैं। इनमें सर्वाधिक आठ मजदूर विष्णुगढ़ प्रखंड के हैं। फंसने वाले मजदूरों में विष्णुगढ़ के अलखरी खुर्द निवासी चुरामन महतो, चंद्रिका महतो, कैलाश महतो, उदयपुर के बिशुन महतो, जगन्नाथ सिंह, चितरामो के लखन सिंह, सुखदेव सिंह, गोविंदपुर के अर्जुन महतो, आंगो के जोलमी निवासी त्रिलोकी महतो, पलमा के बालेश्वर महतो, गिरिडीह जिले के बगोदर अंबाडीह निवासी बैजनाथ महतो, महेंद्र महतो, निमियांघाट के माकन निवासी सीताराम महतो, मूरत महतो तथा धनबाद जिले के तोपचांची अंतर्गत नेरो निवासी संजय कुमार महतो शामिल हैं।
कहा है कि फंसे सभी मजदूर मसाई कॉन्ट्रैक्टिंग एलएलसी कंपनी में काम करने के लिए गए थे। बीते तीन माह से कंपनी की ओर से श्रमिकों को मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा अन्य कई परेशानियों उनके समक्ष है। इससे परिजन काफी चिंतित हैं। उन्होंने विदेश मंत्री से श्रमिकों की सकुशल वतन वापसी कराने में ठोस पहल करने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।