बोले हजारीबाग :बड़कागांव तिराहा पर सिस्टम फेल यहां न सफाई, न ट्रैफिक पर कंट्रोल
बड़कागांव के लोग सड़क जाम और पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। एनटीपीसी की परियोजनाओं के बावजूद, सड़कें अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही से प्रभावित हैं। स्थानीय बाजारों में जल जमाव और साफ-सफाई की कमी से...
हजारीबाग । बड़कागांव प्रखंड के लोग सड़क जाम व अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं। वर्तमान में बड़कागांव चौराहा एनटीपीसी महारत्न की चार परियोजना होने के कारण प्रतिदिन हजारों यात्री और व्यवसायी बड़कागांव चौक से होकर गुजरते हैं। बड़कागांव चौराहे की बिगड़ी स्थिति को देखकर दूसरे राज्यों से आने जाने वाले राहगीर भी यहां की स्थिति से खिन्न होते हैं। यहां के लोगों को उम्मीद थी क्षेत्र में बड़ी कंपनियों के आने के बाद इलाके की सड़क की दुगर्ति दूर होगी। हालांकि कंपनी के प्रयास से यहां के हजारीबाग की सड़क की हालत में सुधार हुई है, पर मुख्य सड़क की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
यह इलाका प्रशासनिक लापरवाही का दंश झेल रहा है। बड़कागांव चौक के सभी रोड अतिक्रमण का शिकार हैं। जाम ऐसा रहता है कि पैदल चलने वालों को राह से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। यहां हर रोज लोगों को दो से तीन घंटे तक जाम सुबह और शाम झेलना पड़ता है। बड़ी बात यह है कि एनटीपीसी की ओर से एक बाइपास रोड भी निकाला गया है उसके बावजूद भी मुख्य सड़क में जाम रहता है। बढ़ती आबादी के कारण सड़क जाम बड़ी समस्या के रूप में सामने आ रही है। विदित हो कि बड़कागांव पूर्वी, बड़कागांव मध्य, बड़कागांव पश्चिम पंचायत के लगभग जनसंख्या 35 से 40 हजार के आसपास बताई जाती है। लेकिन तीनों पंचायत को नगर पालिका एरिया घोषित नहीं किया जाता है तब तक इन तीनों पंचायत को मिलकर बड़कागांव चौक डेली मार्केट थाना रोड की साफ सफाई का जिम्मा लेना चाहिए। बड़कागांव के आसपास नाली सफाई नहीं रहने से जल जमाव होता है, इस कारण बरसात में बीमारियो की संभावना बढ़ जाती है। बड़कागांव मुख्य चौक तीन पंचायत बड़कागांव मध्य, बड़कागांव पूर्वी एवं बड़कागांव पश्चिम का केंद्र है। यदि तीनों पंचायत का सही विकास का रोड मैप तैयार हो तो समस्या का समाधान हो सकता है। साफ-सफाई की बड़ी समस्या : बड़कागांव डेली मार्केट में शौचालय एवं पेयजल का घोर अभाव है बाजार के पास भी जाम लगा रहता है। बड़कागांव में हजारीबाग रोड पर सारे बैंक है इनका पार्किंग का अभाव के कारण सड़क जाम होता है। बड़कागांव में जल मीनार ' करीब 10 वर्षों से बन रहा है जो अधूरा है। अभी तक शुद्ध पेयजल नलों के माध्यम से लोगों को नहीं मिला है। बड़कागांव नगर पालिका क्षेत्र में नहीं रहने के कारण सफाई नहीं होने से चौक बाजार थाना रोड में गंदगी का अंबार लगा हुआ रहता है जो बीमारी का कारण बन सकता है। बड़कागांव थाना रोड में नाली नहीं बनी है जिसके कारण बरसात के दिनों में रोड तालाब बन जाता है जो दुर्घटना एवं बीमारी का कारण बनती है। बड़कागांव में धार्मिक एवं वैश्विक पर्यटन केंद्र है। जिसमें पंकरी बरवाडीह में इक्विनोक्स पॉइंटर है। बुढ़वा महादेव पहाड़ पर प्रसिद्ध तीर्थ पर्यटन केंद्र है इस पर पर्यटन विभाग को ध्यान देने की आवश्यकता है। बरसों पानी प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है जहां सालों भर पर्यटक आते हैं। यहां ताली बजाने पर बूंदे बरसती हैं। इसको गुफा भी बड़कागांव के नापोकला में है । यह इलाका कृषि प्रधान क्षेत्र रहा है। यहां खेती किसानी भी बहुतायत में होती है। बड़कागांव में ईख उत्पादन भी काफी होता रहा है। यहां का गुड़ एक बेहतर प्रोडक्ट के रूप में माना जाता है। प्रस्तुति : उग्रसेन गिरि पेयजल संकट ने बढ़ाई परेशानी बड़कागांव में पेयजल की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। बड़कागांव पूर्वी, पश्चिमी और मध्य तीनों पंचायतों में पानी की घोर किल्लत है, क्योंकि भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। यहां तक कि छोटी दुकानों और होटलों में भी पानी की व्यवस्था नहीं है। यह स्थिति बरसात के दिनों में और भी गंभीर हो जाती है, जब नाली के अभाव में सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे दुर्घटनाएं और बीमारियां बढ़ती हैं। प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देकर अधूरी परियोजनाओं को पूरा करना चाहिए। पार्किंग की व्यवस्था हो बड़कागांव न केवल एक वाणिज्यिक केंद्र है, बल्कि यहां कई महत्वपूर्ण धार्मिक और वैश्विक पर्यटन स्थल भी हैं। इन पर्यटन स्थलों के बावजूद, बड़कागांव चौक की अव्यवस्थित स्थिति पर्यटकों के अनुभव को खराब करती है। बैंकों के पास पार्किंग की कमी, सड़क पर बस स्टैंड का अभाव, और दोपहिया तथा चार पहिया वाहनों की गलत पार्किंग जाम का प्रमुख कारण है। यदि इन स्थलों को उचित रूप से विकसित किया जाए और बड़कागांव चौक पर व्यवस्था सुधारी जाए, तो यह राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन पहचान बन सकता है। बाईपास से मिलेगी निजात बड़कागांव की जाम और अव्यवस्था की समस्या के समाधान के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। यह बाईपास भारी वाहनों को मुख्य चौक से दूर रखेगा और यातायात को सुव्यवस्थित करेगा। इसके अतिरिक्त, सड़कों और नालियों से अतिक्रमण हटाना, सार्वजनिक शौचालय और पेयजल सुविधाओं की व्यवस्था करना भी जरूरी है। तीनों पंचायतों को मिलकर सफाई और व्यवस्था के लिए एक कार्य योजना बनानी चाहिए। नो-एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन कराना जरूरी है। कीचड़ से होती है परेशानी बड़कागांव नाली पर भी अतिक्रमण हो चुका है, इससे सड़क पर पानी जमने से कीचड़ भी लोगों को झेलना होता है। सड़क अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाएं भी होती हैं बड़कागांव चौक पर पेयजल की कोई सार्वजनिक सुविधा नहीं है। यहां सुलभ शौचालय है जो प्रतिदिन बंद रहता है। यहां तक के आसपास स्थित छोटी दुकानों और होटल में भी पानी की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने कहा- पेयजल की भी व्यवस्था की जाए बड़कागांव में जाम की वजह कंपनियों की गाड़ियों का लगातार आवागमन है। जाम से बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। एंबुलेंस फंसने से मरीज समय पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। पूनम साहू पुरानी नालियों को ढक कर उन पर कब्ज़ा कर लिया गया है और सड़कों पर ही नई नालियां बना दी गई हैं। इससे रास्ता संकरा हो जाता है और जाम लगता है। इससे लोगों को परेशानी होती है।- बेचन साव बड़कागांव चौक पर पीने के पानी की कोई सुविधा नहीं है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को बोतल से पानी खरीदकर पीना पड़ता है। गर्मी के दिनों में राहगीरों को काफी परेशानी होती है।-सनित महतो चौक में विक्रेताओं और राहगीरों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग सड़क किनारे, दुकानों के पास या ज़मीन पर बैठने को मजबूर होते हैं। यहां एक बस स्टैंड की व्यवस्था होनी चाहिए। -दिनेश महतो सड़कों पर ट्रैक्टर, ट्रक, मोटरसाइकिल और बसों की अव्यवस्थित पार्किंग होती है। अतिक्रमण और चौकसी की कमी के कारण रोज़ाना घंटों जाम लगता है। इससे परेशानी होती है। -सब्बू खान कंपनियों को अपना बाईपास रोड बनाना चाहिए। जाम के कारण व्यवसाय और मार्केटिंग में परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है। अतिक्रमण हटाना बेहद ज़रूरी है। -अयोध्या यादव बड़कागांव में नगरपालिका न होने के कारण तीन पंचायतों के मुखिया लोगों की एक समिति बनाकर डेली मार्केट और थाना के बगल में कचरे की साफ़-सफ़ाई का ज़िम्मा लेना चाहिए।-राजेश श्रीवास्तव बड़कागांव चौक से सूर्य मंदिर और थाना रोड तक, फुटपाथों पर दुकानदारों, ठेला चालकों और डेली बाज़ार में मोटरसाइकिलों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। -सच्चिदानंद पांडेय जाम का मुख्य कारण कंपनियों की गाड़ियों का एक साथ आना-जाना, बेवजह भारी वाहनों का नो-एंट्री क्षेत्र में घुसना और सड़क पर नालियों का ऊंचा होना है। -वीरेंद्र कुमार बड़कागांव में सुधार होना चाहिए । कोयला उत्पादन करने वाली कई कंपनी यहां है । प्रशासन को इसपर ध्यान देना चाहिए। जाम से ग्रामीण तंगों तबाह हैं। दम घुटता है यहां। - मेवालाल नाग बड़कागांव चौक में स्ट्रीट लाइट या हाई मास्ट लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। चौक में जो स्ट्रीट लाइट लगाई गई है वह शोभा की वस्तु बनी हुई है। -कामेश्वर महतो
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।