बंद रहने के बावजूद बारिश में भीगकर स्कूल पहुंचे कई बच्चे
गिरिडीह में भारी बारिश की संभावना के कारण डीसी ने कक्षा केजी से 8 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया। हालांकि, कई बच्चे स्कूल पहुंचे और बाद में वापस लौट गए क्योंकि उन्हें जानकारी देर से मिली। व्हाट्सएप...

गिरिडीह। भारी बारिश की संभावना पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत गुरुवार को सरकारी और निजी विद्यालय (कक्षा केजी से 8 तक) बंद रखने का आदेश बुधवार शाम को गिरिडीह डीसी द्वारा जारी किया गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार अल सुबह से बारिश भी शुरु हो गई थी। स्कूल बंद रहने के बावजूद सरकारी स्कूल के कई बच्चे गुरुवार को बारिश में भींगकर व छाता लेकर गुरुवार सुबह स्कूल पहुंच गए। इसके बाद स्कूलों में ताला लटका देखकर निराश होकर लौट गए। इस बाबत बताया जाता है कि बुधवार शाम को स्कूल बंद रहने का आदेश स्कूल प्रबंधन को व्हाट्सएप के जरिए मिला।
स्कूल प्रबंधन द्वारा भी अभिभावकों को व्हाट्सएप ग्रुप में स्कूल बंद रहने की जानकारी दे दी गई, पर कई ऐसे अभिभावक है जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है। वे व्हाट्सग्रुप में नहीं हैं। वहीं कई अभिभावक व्हाट्सग्रुप में तो जुड़े हुए हैं, पर एक्टिव नहीं रहते हैं। इस कारण कई बच्चों को स्कूल बंद रहने की जानकारी नहीं मिल सकी। इस कारण छोटे-छोटे बच्चे भी गुरुवार सुबह छाता लेकर स्कूल जाते दिखे। बनियाडीह मध्य विद्यालय, कमला नेहरु मवि गिरिडीह सहित कई स्कूलों में गुरुवार सुबह को बच्चे पहुंच गए थे। इसके बाद स्कूल बंद रहने की जानकारी मिली और वे वापस लौट गए। इधर कक्षा 9वीं से 12वीं तक कक्षा बंद रखने का आदेश नहीं था। इस कारण हाई व प्लस टू स्कूल खुले हुए थे। हालांकि सुबह से बारिश होने के कारण हाई स्कूलों में अन्य दिनों की अपेक्षा उपस्थिति काफी कम रही। 30 प्रतिशत बच्चे भी स्कूल नहीं पहुंचे। समय पर निर्देश नहीं मिलने पर बच्चे विद्यालय से लौटे रेम्बा, प्रतिनिधि। गिरिडीह उपायुक्त के निर्देशानुसार भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 19 जून को विद्यालय बंद करने का निर्देश दिया गया था। चूंकि यह सूचना लेट से संप्रेषित हो सकी। लिहाजा बच्चे विद्यालय आकर लौटे। मौसम विज्ञान की चेतावनी के मुताबिक 19 जून को गिरिडीह रेड जोन में था जिसके कारण उपायुक्त ने आपदा अधिनियम के तहत कक्षा एक से आठ में पढ़नेवाले छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए हर स्तर के विद्यालय को बंद करने का निर्देश दिया था। जमुआ प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र मसलन रेम्बा, कठवारा, धीरोसिंगा, मल्हो में स्थित विद्यालयों में छात्र विद्यालय आकर लौट गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।