धरती आबा अभियान के तहत बलगो में लगा जनसेवा शिविर
जमुआ प्रखंड में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें अनुसूचित जनजातीय लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का उद्देश्य था। शिविर में...

जमुआ। धरती आबा जनभागीदारी अभियान योजना के तहत शुक्रवार को जमुआ प्रखंड के बलगो पंचायत सचिवालय में शिविर लगाया गया। इसमें बलगो पंचायत के पर्वतों और मेरखोगुंडी खुर्द गांव के दर्जनों अनुसूचित जनजातीय लोगों ने भाग लिया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल कुमार ने कहा कि यह अभियान 15 से 30 जून तक राष्ट्रीय स्तर पर मिशन मोड में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अनुसूचित जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। शिविर में आधार कार्ड बनवाने, आयुष्मान भारत कार्ड जारी करने, मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवा, जनधन खाता खोलने, यूडीआईडी कार्ड बनवाने, राशन कार्ड निर्गत करने, मनरेगा जॉब कार्ड बनवाने, जनजाति प्रमाण-पत्र और आय प्रमाण-पत्र जारी करने जैसी सेवाएं दी गई।
इसके लिए विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सहदेव महतो ने कहा कि इस अभियान का मकसद जनजातीय समुदाय को सभी जरूरी योजनाओं और प्रमाण-पत्रों का त्वरित लाभ देना है। पर्वतो गांव के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में खतियान नहीं होने के कारण कोई प्रमाण-पत्र नहीं बनता। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। इस पर बीडीओ अमल कुमार ने बलगो पंचायत के राजस्व कर्मचारी को निर्देश दिया कि गांव में शीघ्र ग्राम सभा आयोजित कर पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। शिविर में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नित्यानंद चौधरी, पीएचईडी के कनीय अभियंता चंदन कुमार दास, पेंशन प्रभारी रेणु यादव, मुखिया केशरी देवी, पंसस लखन हांसदा, मुखिया प्रतिनिधि रोहित दास, पंचायत सचिव कौशल कुमार, समाजसेवी व सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ यादव, आधार कार्ड के प्रभारी रितेश कुमार, सभी वीएलई, बीएलओ, सहिया, जलसहिया, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, डीलर, पशुपालन सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बलगो पंचायत के पर्वतो और मेरखोगुंडी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।