सबर परिवार को राशन, आवास व वृद्धा पेंशन की सुविधां दें पदाधिकारी : डीसी
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुड़ाबांदा के अर्जुनबेड़ा गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से जन कल्याणकारी योजनाओं की स्थिति जानी और आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने सबर परिवारों के सशक्तीकरण...

गुड़ाबांदा। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने गुरुवार को गुड़ाबांदा प्रखंड के अर्जुनबेड़ा गांव के सबर टोला का निरीक्षण कर जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से बातचीत कर यह जाना कि उन्हें राशन, आवास, वृद्धा पेंशन, उज्ज्वला योजना, पीने का पानी, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, शौचालय निर्माण, मनरेगा आदि योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को अब तक योजनाओं से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें त्वरित चिन्हित कर लाभान्वित किया जाए।
उपायुक्त ने सबर परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए प्रखंड के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सेवाएं एवं योजनाएं प्राथमिकता के आधार पर उन तक पहुंचें, यह सुनिश्चित करें। बच्चों के एमडीएम की ली जानकारी वहीं, निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अर्जुनबेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आश्रम विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील की व्यवस्था, शैक्षणिक सामग्री तथा छात्रों की पढ़ाई की स्थिति की गहन जांच की। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने, नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने व बच्चों में सीखने की उत्सुकता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरक गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए। आश्रम विद्यालय की निगरानी का निर्देश आश्रम विद्यालय में रहने वाले छात्रों के खानपान, सुरक्षा और शिक्षा की समुचित व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने कुछ मूलभूत समस्याओं से को भी उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि समन्वय बनाकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु कदम उठाएं। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत अन्य विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।