ससुरालवालों पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
देवघर की 21 वर्षीय सपना देवी ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मोहनपुर थाना में आवेदन दिया है। सपना ने दहेज की मांग और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शादी के एक साल बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया...

देवघर। सीमावर्ती राज्य बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र अंतर्गत घुठिया गांव की 21 वर्षीय सपना देवी ने शुक्रवार को मोहनपुर थाना में आवेदन देकर अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पति अखिलेश तांती, ससुर परमेश्वर तांती, सास गीता देवी, ननद निर्मला देवी और नंदोसी शैलेंद्र तांती को प्रताड़ना का आरोपी बनाया है। पीड़िता सपना देवी ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से बड़े ही धूमधाम से हुई थी। विवाह के शुरुआती एक साल तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा और दांपत्य जीवन सामान्य था। लेकिन एक साल बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदलने लगा।
पति सहित पूरे ससुराल परिवार ने दहेज की मांग शुरू कर दी। उन्होंने नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान और एक बाइक की मांग की। उन्होने यह बताया कि उसके पिता अत्यंत गरीब हैं और इस प्रकार की मांग पूरी कर पाना उनके लिए संभव नहीं था। सपना ने आरोप लगाया कि जब दहेज की मांग पूरी नहीं की गई तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक यातना दी जाती रही। हालात इतने बिगड़ गए कि अंततः उसे ससुराल से निकाल दिया गया। जाते-जाते उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।