रांची में जाम से मिलेगी राहत, इन इलाकों में बनने जा रहे 4 और फ्लाईओवर; पूरी है तैयारी
रांची को जल्द ही जाम से राहत मिल जाएगी। प्रदेश सरकार ने शहर के अंदर चार नए फ्लाईओवर बनाने का निर्णय किया है। इसके लिए प्रारूप भी तैयार कर लिया गया है। ये फ्लाईओवर चार जगहों पर बनाए जाएंगे।

झारखंड सरकार ने रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी के दोनों ओर वन-वे फोरलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। पथ निर्माण विभाग ने इसका प्रारूप जारी किया है। यह फ्लाईओवर हरमू रोड स्थित कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक, हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू होटल तक हरमू नदी के दोनों किनारों पर, करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर, हिनू ढलान से स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर जगन्नाथपुर मंदिर तक प्रस्तावित है।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बुधवार को प्रस्तावित योजनाओं के प्रारूप का अवलोकन किया। इसमें हरमू फ्लाईओवर का डीपीआर तैयार है। जल्द ही इसका टेंडर जारी होगा। बता दें कि विभागीय मंत्री (वर्तमान में सीएम हेमंत सोरेन) के निर्देश पर परामर्शी एजेंसी और पथ निर्माण विभाग के फील्ड सर्वे डिवीजन एडवांस प्लानिंग सीडीओ ने योजनाओं का खाका तैयार कर लिया है।
मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू के दोनों किनारों पर वन-वे फ्लाईओवर
कडरू और अशोक नगर के ट्रैफिक को दबाव मुक्त करने के लिए हरमू मुक्तिधाम से हरमू नदी के दोनों किनारों पर 2.2 किमी का एलिवेटेड अप-डाउन वन वे फ्लाईओवर बनेगा। नदी किनारे सौंदर्यीकरण और रोशनी की व्यवस्था रहेगी।
अरगोड़ा से कटहल मोड़ होकर चापूटोली फ्लाईओवर
अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापूटोली तक 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी। पहले से नीचे जा रही सड़क को भी सात मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे इस मार्ग पर दोहरी सुविधा मिलेगी। सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज यूटिलिटी डक्ट रहेगा। नीचे की सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
तीन किमी का होगा हरमू फ्लाईओवर
यह फ्लाईओवर कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक तक कुल 3 किमी का होगा। यह एक साइड से कार्तिक उरांव चौक से शुरू होगा और विशाल मेगामार्ट तक जाएगा। सहजानंद चौक से रातू रोड जाने वाले इस फ्लाईओवर से विशाल मेगा मार्ट के पास रैंप से उतरकर नीचे की सड़क से जा सकेंगे। फ्लाईओवर के नीचे बिजली, टेलीफोन के तार एवं केबल सभी अंडरग्राउंड रहेंगे। योजना में यूटिलिटी डक्ट, ड्रेन, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण शामिल है। दोनों ओर फ्लाईओवर की चौड़ाई 8.50 एवं 8.50 मीटर होगी। एलपीएन शाहदेव चौक से भी दोनों ओर से चढ़ने की सुविधा रहेगी।
करमटोली से साइंस सिटी फ्लाईओवर, आगे रिंग रोड तक फोरलेन होगा
करमटोली चौक से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके लिए खाका तैयार कर लिया गया है। फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे सड़क दोनों की चौड़ाई 10-10 मीटर होगी। साइंस सिटी के आगे रिंग रोड तक फोर लेन सड़क बनेगा। इसकी लंबाई पांच किलोमीटर से अधिक है।
स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर वन-वे फ्लाईओवर तैयार होगा
रिवर फ्रंट साइड डेवलपमेंट के तहत हरमू और स्वर्णरेखा नदी का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाना है। दोनों ही नदियां पूरी तरह से खुली रहेंगी। नदी के किनारे के जमीन का उपयोग किया जाएगा। नदी के दोनों किनारों पर आकर्षक पेड़-पौधों के अलावा लाइटें लगाई जाएंगी। हिनू ढलान के पास होटल एमराल्ड पर गोलंबर तैयार किए जाने का प्रस्ताव है। उसी गोलंबर से दाहिनी ओर मेकन रोड गार्डन, दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के पीछे जगन्नाथपुर मंदिर तक दोनों ओर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके लिए पेट्रोल पंप के पास रेलवे लाइन पर आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) भी तैयार कराया जाएगा। फिर यह फ्लाईओवर नयासराय जाने वाले रास्ते को जोड़ेगा, जो रिंग रोड तक जाता है। इस योजना की लंबाई लगभीर आठ किलोमीटर होगी।